सायना महाविद्यालय में जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता आयोजित तिलक महाविद्यालय पुरुष वर्ग में विजेता, स्लीमनाबाद महाविद्यालय ने महिला वर्ग में मारी बाजी

कटनी। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार वार्षिक खेलकूद कैलेंडर वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिला स्तरीय शतरंज प्रतियोगिता का आयोजन सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज, कटनी में किया गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों से छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपनी शतरंज प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सेवानिवृत्त मेडिकल ऑफिसर एवं शतरंज के अनुभवी खिलाड़ी डॉ. एस.के. खम्परिया, महाविद्यालय प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार, ऑर्बिटर शुभम केवट, शासकीय तिलक स्नातकोत्तर महाविद्यालय के क्रीड़ाधिकारी डॉ. राजकुमार सहित अतिथियों एवं महाविद्यालय प्रबंधन द्वारा किया गया। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने रणनीतिक सोच, धैर्य, एकाग्रता और निर्णय लेने की क्षमता का प्रदर्शन किया। मुकाबलों में खिलाड़ियों के बीच कड़ा प्रतिस्पर्धात्मक माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर डॉ. एस.के. खम्परिया ने कहा कि “शतरंज केवल एक खेल नहीं है, बल्कि यह जीवन में सही समय पर सही निर्णय लेने की कला सिखाता है।” उन्होंने कहा कि शतरंज विद्यार्थियों में धैर्य, दूरदृष्टि, रणनीति और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेने की क्षमता विकसित करता है।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी. राजेश कुमार ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता एवं टीम भावना का विकास होता है।
प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी विजेता रहा, जबकि शासकीय महाविद्यालय बहोरीबंद उपविजेता रहा। वहीं महिला वर्ग में शासकीय महाविद्यालय स्लीमनाबाद विजेता तथा शासकीय तिलक महाविद्यालय कटनी उपविजेता रहा।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन में महाविद्यालय के विभागाध्यक्ष, सहायक प्राध्यापक सहित समस्त शैक्षणिक एवं अशैक्षणिक स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन का संचालन क्रीड़ा प्रभारी श्री शरद यादव ने किया। वरिष्ठ क्रीड़ाधिकारी श्री हीरा लाल केवट ने सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। श्री अरुण उरमलिया, डॉ. सार्थक चौरसिया, श्री सत्यवीर सिंह एवं प्रशांत सोनी ने भी आयोजन में सहयोग प्रदान किया।
प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ऑर्बिटर शुभम केवट तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को विजेता ट्रॉफी एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों को आगामी स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए शुभकामनाएं दीं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)