चोरी के मामले में पत्नी-बेटे से पूछताछ से नाराज पति ने थाना परिसर में लगाई आग गंभीर हालत में जबलपुर रेफर, जिला अस्पताल में परिजनों ने किया हंगामा

कटनी। कुठला थाना क्षेत्र में चोरी के मामले में पूछताछ के लिए पत्नी और बेटे को थाने लाए जाने से नाराज एक व्यक्ति ने थाना परिसर में खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर झुलसे दलपत पटेल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर कर दिया गया। घटना के बाद जिला अस्पताल में भी कुछ देर हंगामे की स्थिति बनी रही।
पुलिस के अनुसार 12 सितंबर को अपराध क्रमांक 832/2026 के तहत सोने-चांदी के जेवरात और नगदी चोरी का प्रकरण दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान मोहित पटेल और मुकेश उर्फ लाला पटेल को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा चोरी का सामान छिपाने की जगह बताए जाने पर पुलिस ने कुछ सामान बरामद किया।
डीएसपी अनिमेष द्विवेदी के अनुसार पूछताछ में मोहित पटेल ने बताया कि चोरी का कुछ सामान उसने अपनी मां को दिया था। महिला द्वारा कुछ सामान सराफा बाजार में संजय सोनी नामक सुनार को बेचने की बात सामने आई। पुलिस जब सराफा बाजार पहुंची तो महिला के वहां आने की पुष्टि हुई। पूछताछ के दौरान महिला ने सोने की अंगूठी अपने पास होने की जानकारी देते हुए उसे पुलिस को सौंपने की बात कही। इसी दौरान वह अपने पति दलपत पटेल को लगातार फोन कर रही थी।
पुलिस का दावा है कि चोरी का सामान बरामद होने से रोकने और बेटे को बचाने के दबाव के चलते दलपत पटेल ऑटो से थाना परिसर पहुंचा और खुद पर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। पुलिसकर्मियों ने तत्काल आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
वहीं परिजनों ने आरोप लगाया कि पुलिस महिला और बच्ची को बार-बार फोन कर थाने बुला रही थी और उन्हें परेशान किया जा रहा था। पुलिस ने इन आरोपों को जांच का विषय बताया है। फिलहाल पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)