कटनी। अग्रवाल नवयुवक मंडल एवं अग्रवाल महिला मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित श्री श्री 1008 अग्रसेन महाराज जयंती महोत्सव-2026 के तहत तृतीय दिवस रविवार, 4 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से श्री अग्रवाल भवन (धर्मशाला), मालवीयगंज में होगा।
आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिताओं में हस्तकला, चित्रकला, प्राकृतिक फूल-पत्तियों से तोरण बनाओ, कोसिया आर्ट, बिना आग के व्यंजन निर्माण, सामान्य ज्ञान, मंच प्रदर्शन एवं भजन अंताक्षरी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। हस्तकला एवं चित्रकला प्रतियोगिताओं में अलग-अलग आयु वर्ग के बच्चे भाग लेंगे। चित्रकला में बच्चों को ‘गांव का जीवन’ तथा ‘मोबाइल एवं टीवी के बिना बच्चों की दुनिया एवं पारंपरिक खेल’ जैसे विषय दिए जाएंगे।
तोरण बनाओ प्रतियोगिता में 13 से 17 वर्ष के प्रतिभागी केवल प्राकृतिक फूल एवं पत्तियों से तोरण बनाएंगे। कोसिया आर्ट में 18 वर्ष या अधिक आयु की छात्राएं एवं महिलाएं भाग ले सकेंगी। फायर-फ्री कुकिंग प्रतियोगिता में 18 वर्ष से अधिक आयु के महिला एवं पुरुष प्रतिभागी बिना आग के 45 मिनट में मीठा या नमकीन व्यंजन तैयार करेंगे।
सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता दो आयु वर्गों में होगी। मंच प्रदर्शन प्रतियोगिता में 18 वर्ष या अधिक आयु के प्रतिभागी दो-दो लोगों की टीम में सोशल मीडिया ट्रेंडिंग रील प्रस्तुत करेंगे। इसमें कम से कम एक विवाहित महिला का शामिल होना अनिवार्य रहेगा तथा प्रस्तुति की अधिकतम समय सीमा तीन मिनट होगी। वहीं भजन अंताक्षरी प्रतियोगिता में 18 वर्ष या अधिक आयु के विवाहित महिला-पुरुष भाग ले सकेंगे।
आयोजक मंडल ने समस्त स्वजातीय अग्र बंधुओं, महिलाओं एवं बच्चों से अधिक से अधिक प्रतियोगिताओं में भाग लेकर महोत्सव को सफल बनाने की अपील की है।
अग्रसेन जयंती महोत्सव में आज होंगी विभिन्न प्रतियोगिताएं

