कटनी। अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने नई बस्ती क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए एक 16 वर्षीय विधि-विरुद्ध बालक के कब्जे से 558 पाव देशी प्लेन एवं मसाला शराब बरामद की है। बरामद शराब की मात्रा करीब 104 लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 50 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 1 अक्टूबर की शाम कोतवाली पुलिस टीम नई बस्ती क्षेत्र में पेट्रोलिंग एवं संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शाम करीब 6:45 बजे बधवा गली के पास एक लड़का झाड़ियों में छिपकर खड़ा दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर उसके घबरा जाने पर टीम ने संदेह के आधार पर पूछताछ की।
संदेही के पास झाड़ियों में तीन बड़ी प्लास्टिक की बोरियां और एक थैला रखा मिला। स्वतंत्र साक्षियों की मौजूदगी में तलाशी लेने पर इनमें कुल 558 पाव (180 एमएल) देशी प्लेन एवं मसाला शराब बरामद हुई। पुलिस ने शराब जब्त कर नाबालिग को अभिरक्षा में लिया।
मामले में थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 1121/2026 के तहत धारा 34(2) आबकारी एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई है।
थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय ने बताया कि नई बस्ती क्षेत्र में नाबालिगों द्वारा अवैध शराब बेचने की सूचनाएं लगातार मिल रही थीं। इसके बाद मुखबिर तंत्र सक्रिय कर क्षेत्र में निगरानी बढ़ाई गई थी। इसी के परिणामस्वरूप पुलिस को यह सफलता मिली।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में हुई कार्रवाई में थाना प्रभारी राखी पाण्डेय, चौकी प्रभारी खिरहनी उपनिरीक्षक किशोर द्विवेदी सहित पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने अवैध शराब एवं मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रखने की बात कही है।
झाड़ियों में छिपाकर रखा था शराब का जखीरा, नाबालिग के कब्जे से 558 पाव अवैध शराब बरामद

