कटनी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मभूमि गुजरात के वडनगर से कर्मभूमि वाराणसी के लिए निकली ‘सेवा संकल्प बाइक यात्रा’ शुक्रवार को विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्र पहुंची। भारतीय जनता युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सांसद हेमांग जोशी तथा यात्रा के राष्ट्रीय प्रभारी सांसद विष्णुदत्त शर्मा के नेतृत्व में पहुंची यात्रा का भैंसवाही ग्राम में विधायक संजय सत्येंद्र पाठक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और पुष्पवर्षा के साथ स्वागत किया।
यात्रा के दौरान मार्ग में विभिन्न स्थानों पर बाइक सवारों का फूल बरसाकर स्वागत किया गया। ग्राम हरदुआ कला में यात्रा में शामिल अतिथियों ने भारतीय सेना के जवान रहे अमर शहीद प्रदीप पटेल के निवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और शहीद के परिवार से मुलाकात की।
इसके बाद यात्रा विजयराघवगढ़ के ऐतिहासिक किले पहुंची। यहां युवा मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष हेमांग जोशी, सांसद वीडी शर्मा, विधायक संजय पाठक और युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर ने बरम बाबा की पूजा-अर्चना की। इसके पश्चात परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर साफ-सफाई की गई।
योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाना जनसेवा का उद्देश्य : वीडी शर्मा
कैमोर में आयोजित लाभार्थी एवं युवा संवाद कार्यक्रम में सेवा संकल्प अभियान के प्रभारी सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाना तथा लोगों को विकसित भारत-2047 के संकल्प से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां लोगों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ आवेदन प्रक्रिया में मार्गदर्शन दिया जा रहा है।
विधायक संजय सत्येंद्र पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास, स्वच्छता अभियान के तहत शौचालय निर्माण, हर घर नल से जल और आयुष्मान कार्ड जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आह्वान किया।
बापू की वाटिका में किया पौधरोपण
कैमोर स्थित बापू की वाटिका में सेवा यात्रियों एवं कार्यकर्ताओं ने पौधरोपण अभियान में हिस्सा लिया और पौधे लगाए। यात्रा के माध्यम से कार्यकर्ताओं को सेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण जैसी गतिविधियों से जोड़ने का संदेश दिया गया।
इस अवसर पर युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर, विधायक संजय पाठक, भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक सोनी टंडन, महामंत्री मनीषदेव मिश्रा, मृदुल मिश्रा, पारस जैन, नगर परिषद अध्यक्ष पलक ग्रोवर, राजेश्वरी दुबे, जनपद पंचायत अध्यक्ष सुधा कोल, उपाध्यक्ष उदयराज सिंह चौहान, सुनीता दाहिया, राजेश पटेल, संतोष केवट, हरिओम बर्मन सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
वडनगर से वाराणसी निकली सेवा संकल्प बाइक यात्रा का विजयराघवगढ़ में भव्य स्वागत

