कटनी। नवरात्रि के पावन पर्व पर मां जगत जननी जगदम्बे की आराधना के साथ माधवनगर रामलीला मैदान में रविवार से विविध धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत आकर्षक गरबा नृत्य की प्रस्तुति के साथ हुई। गरबा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवतियों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई और देर रात तक श्रद्धालु देवी भक्ति में सराबोर रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि श्री गोपालदास जी आत्माराम दरबार से तथा विशिष्ट अतिथि श्री झम्मटमल ठारवानी, खियल चावला, श्री गुरनानी, पार्षद गोविंद चावला एवं वरिष्ठ पत्रकार सत्यदेव चतुर्वेदी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन रूप आडवाणी एवं नेहा मोटवानी ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में सामाजिकजनों एवं महिलाओं की मौजूदगी रही।
निशुल्क गरबा में बच्चों और महिलाओं ने बढ़ाया उत्साह
माधवनगर रामलीला कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से समाजसेवा में सक्रिय सुशील मोटवानी को अध्यक्ष मनोनीत कर रामलीला मंचन सहित अन्य आयोजनों की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसी क्रम में रविवार को गरबा आयोजन के साथ कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। स्कूल की छात्राओं, महिलाओं एवं बच्चों ने बड़ी संख्या में गरबा में हिस्सा लिया। निशुल्क गरबा आयोजन में बच्चों का उत्साह देखते ही बना।
लकी कूपन से मिलेंगे लाखों के पुरस्कार
रामलीला कमेटी द्वारा माधवनगर के दशहरा चल समारोह को ऐतिहासिक बनाने के लिए धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न प्रतियोगिताओं और आकर्षक आयोजनों की श्रृंखला तैयार की गई है। इसी क्रम में नवरात्रि के दौरान लकी कूपन के माध्यम से श्रद्धालुओं को लाखों रुपये के पुरस्कार जीतने का अवसर मिलेगा। इनमें स्कूटी, एसी, फ्रिज, वॉशिंग मशीन, कूलर, मिक्सर सहित विभिन्न पुरस्कार शामिल हैं। लकी ड्रॉ के माध्यम से विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
नन्हीं डांसर पिंकी नामदेव की प्रस्तुति ने मोहा मन
गरबा कार्यक्रम में माधवनगर के संजय नगर निवासी नन्हीं डांसर पिंकी नामदेव ने अपनी आकर्षक नृत्य प्रस्तुति से खूब तालियां बटोरीं। सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म पर अपने डांस के लिए चर्चित पिंकी ने रामलीला मैदान में भी मनमोहक प्रस्तुति देकर दर्शकों की सराहना हासिल की। उनकी प्रस्तुति के बाद उन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
सामाजिक-धार्मिक आयोजनों को यादगार बनाने का प्रयास : सपना मोटवानी
कार्यक्रम में सपना ब्यूटी स्टूडियो एंड एकेडमी की संचालक सपना मोटवानी एवं सुशील मोटवानी ने कहा कि रामलीला कमेटी के संरक्षक एवं समाज के वरिष्ठजनों ने मोटवानी परिवार पर जो जिम्मेदारी सौंपी है, उसे पूरी तन्मयता से निभाया जाएगा। माधवनगर के दशहरा चल समारोह को ऐतिहासिक बनाने के साथ ही प्रतिभावान बच्चों को मंच प्रदान कर उनका उत्साह बढ़ाने के प्रयास किए जाएंगे। रामलीला मंचन सहित पूरे आयोजन को यादगार बनाने की तैयारी की जा रही है।
इस अवसर पर समाजसेवी सोनल आडवाणी, पूनम मूलचंदानी, बबीता जसूजा, पायल जैतवानी सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे।
गरबा की मनमोहक प्रस्तुति के साथ माधवनगर रामलीला मैदान में देर रात तक देवी भक्ति में डूबे श्रद्धालु नवरात्रि कार्यक्रमों का हुआ शुभारंभ, लकी कूपन से श्रद्धालुओं को मिलेंगे लाखों के पुरस्कार

