कटनी। स्लीमनाबाद थाना क्षेत्र के निवार तिराहा पर वाहन टकराने के विवाद के बाद फरियादी और उसकी मां के साथ मारपीट करने तथा पीछा कर घर में घुसकर हमला करने के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ जान से मारने की धमकी सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
पुलिस के अनुसार, 29 सितंबर को ग्राम मटवारा निवासी अरविन्द कुमार बसोर अपने वाहन से रद्दी लेकर निवार पहाड़ी स्थित अपनी मौसी के घर गया था। शाम करीब 7 बजे वापस लौटते समय निवार तिराहा के पास उसकी गाड़ी एक स्कूटी से टकरा गई। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोककर हाथ-मुक्कों और लाठियों से मारपीट की। एक व्यक्ति द्वारा नुकीली वस्तु दिखाकर डराने के बाद अरविन्द वहां से वाहन लेकर निकल गया।
आरोपियों ने उसका पीछा किया और रास्ते में गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। घबराहट में तेज गति से वाहन चलाते समय उसकी गाड़ी सड़क पर खड़ी गाय से टकरा गई। इसके बाद वह अपने घर मटवारा पहुंचा, लेकिन आरोपी पीछा करते हुए वहां भी पहुंच गए और घर में घुसकर उसके साथ दोबारा मारपीट की।
बीच-बचाव करने पहुंची अरविन्द की मां शांति बाई बसोर के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की। घटना में दोनों को चोटें आईं। फरियादी की शिकायत पर स्लीमनाबाद पुलिस ने अपराध क्रमांक 1056/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की। विवेचना के दौरान प्रकरण में अन्य धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गईं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी श्रीमती आकांक्षा चतुर्वेदी एवं थाना प्रभारी विजय विश्वकर्मा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास किए। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने 7 अक्टूबर को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेआर पर भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपी: वीरेन्द्र उर्फ मोटू पटेल, सचिन बर्मन, सत्तू उर्फ लव पटेल, राजेश कुमार पटेल, चंदन कुमार पटेल, राहुल उर्फ अर्जुन पटेल और शनि उर्फ शंकी जैन।
निवार तिराहा पर वाहन टकराने के विवाद में मारपीट, घर में घुसकर हमला करने वाले 7 आरोपी गिरफ्तार

