कटनी। शहर के शेर चौक के पास सड़क पर लापरवाहीपूर्वक स्कूटी चलाने से मना करने पर दो युवकों ने एक साइकिल सवार पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में संतोष साहू (28), निवासी कुशवाहा नगर घायल हो गया। मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के चंद घंटों के भीतर एक आरोपी अमन वर्मा (19), निवासी शिवनगर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू भी बरामद किया है, जबकि दूसरा आरोपी अंश समुन्द्रे निवासी नदीपार फरार है।
पुलिस के अनुसार, घटना 11 अक्टूबर की है। संतोष साहू साइकिल से अपने घर जा रहा था। शेर चौक स्थित मनीष मेडिकल स्टोर से दवा लेने के बाद जब वह सनमुख दास दवाखाना के पास पहुंचा, तभी स्कूटी सवार दो युवक लापरवाहीपूर्वक वाहन लहराते हुए उसकी साइकिल के सामने से निकले। इस पर संतोष ने उन्हें सावधानी से गाड़ी चलाने की समझाइश दी। इसी बात को लेकर दोनों युवक विवाद करने लगे।
आरोप है कि गाली-गलौज का विरोध करने पर अमन वर्मा और अंश समुन्द्रे ने चाकू निकालकर संतोष पर हमला कर दिया। अमन ने गर्दन पर वार करने का प्रयास किया, लेकिन संतोष के हटने से चाकू उसके कंधे और गर्दन के बीच लगा। इसके बाद आरोपियों ने उसकी पीठ पर भी चाकू से वार किया। आसपास मौजूद लोगों के बीच-बचाव करने पर दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय कटनी पहुंचाया गया।
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी
घायल की रिपोर्ट पर कोतवाली थाने में अपराध क्रमांक 1063/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य और उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) अनिमेष द्विवेदी के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अमन वर्मा को गिरफ्तार कर लिया। वहीं फरार आरोपी अंश समुन्द्रे की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई में उपनिरीक्षक कुलदीप सिंह, सहायक उपनिरीक्षक प्रहलाद पैकरा सहित आरक्षक मंसूर हुसैन, अजीत सिंह, मोहन मण्डलोई, दिनेश सेन, दीपक तिवारी और रोहित राठौर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
शेर चौक में चाकूबाजी करने वाला एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार गाड़ी लहराकर चलाने से मना करने पर युवक पर किया था चाकू से हमला, वारदात में प्रयुक्त बटनदार चाकू बरामद

