कटनी। शारदेय नवरात्र के नौ दिनों तक पाठक वार्ड स्थित शांति भवन में मां जगत जननी की श्रद्धा और भक्ति के साथ आराधना की गई। विजयादशमी के अवसर पर विधि-विधान से पूजन-अर्चन के बाद मां दुर्गा की प्रतिमा का गाटर घाट स्थित कुंड में विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव के साथ मां को विदाई दी और अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की।
प्रतिमा विसर्जन से पूर्व शांति भवन में पूर्व महापौर निर्मला पाठक, पूर्व मंत्री एवं विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक तथा समाजसेवी यश पाठक ने मां दुर्गा का विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया। इसके बाद ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के साथ विसर्जन यात्रा निकाली गई, जिसमें श्रद्धालु भक्ति भाव से शामिल हुए।
विसर्जन यात्रा गाटर घाट पहुंची, जहां धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां दुर्गा की प्रतिमा का विसर्जन किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी यश पाठक के मित्रमंडल के सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
नौ दिनों तक शांति भवन में भक्तिमय माहौल बना रहा। विजयादशमी पर प्रतिमा विसर्जन के साथ ही नवरात्र के धार्मिक अनुष्ठानों का समापन हुआ। श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की प्रार्थना करते हुए अगले वर्ष फिर से मां के आगमन की कामना की।
शांति भवन में नौ दिनों की पूजा-अर्चना के बाद मां दुर्गा का विसर्जन, जयकारों के बीच गाटर घाट पहुंचे श्रद्धालु विधि-विधान से पूजन कर मां जगत जननी को दी विदाई, अगले वर्ष पुनः आगमन की कामना की

