कटनी। शहर के वार्डों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के क्रम में रफी अहमद किदवई वार्ड की जागृति कॉलोनी में 30 लाख 87 हजार रुपये की लागत से सीसी सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया। शुक्रवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी एवं क्षेत्रीय पार्षद खुशबू अनिरुद्ध सोनी की उपस्थिति में कन्या पूजन के साथ निर्माण कार्य की शुरुआत हुई।
निर्माण कार्य के तहत अरुण गिरी गोस्वामी से सुनील दुबे, राजमणि गौतम तथा परमानंद चौबे से राजू तिवारी के निवास तक सीसी सड़क बनाई जाएगी। सड़क निर्माण से स्थानीय रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और जलभराव सहित अन्य समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
इस अवसर पर महापौर प्रीति सूरी ने कहा कि शहर के प्रत्येक वार्ड का संतुलित विकास कराना और नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। जनता ने जो विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरने के लिए विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाया जा रहा है।
क्षेत्रीय पार्षद खुशबू अनिरुद्ध सोनी ने वार्ड में सड़क निर्माण की सौगात मिलने पर महापौर का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महापौर के सहयोग से वार्ड में विकास कार्यों को गति मिल रही है। सीसी सड़क बनने से जागृति कॉलोनी के रहवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं मजबूत होंगी।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, सुरेंद्र गुप्ता, पार्षद शकुंतला सोनी, वंदना यादव, रेखा तिवारी, एल्डरमैन नरेश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे। स्थानीय नागरिकों ने निर्माण कार्य शुरू होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए महापौर, पार्षद एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।
जागृति कॉलोनी में 30.87 लाख की लागत से सीसी सड़क निर्माण शुरू, महापौर ने किया भूमिपूजन महापौर प्रीति सूरी बोलीं—वार्डवासियों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता

