कटनी। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर बुधवार, 21 अक्टूबर को पुलिस लाइन झिंझरी स्थित शहीद स्मारक पर स्मृति दिवस परेड का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कर्तव्य निर्वहन के दौरान अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर पुलिस जवानों को पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरान जिले के 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य ने देशभर में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए 154 पुलिसकर्मियों के नामों का वाचन कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद परेड दल ने शहीदों को गार्ड ऑफ ऑनर देकर सलामी दी और पुलिस स्मृति परेड मार्च निकाला।
बलिदान और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है पुलिस स्मृति दिवस
पुलिस स्मृति दिवस प्रतिवर्ष 21 अक्टूबर को देश की सुरक्षा और नागरिकों की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले पुलिसकर्मियों की स्मृति में मनाया जाता है। वर्ष 1959 में लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स क्षेत्र में चीनी सैनिकों के हमले में शहीद हुए 10 भारतीय पुलिस जवानों के बलिदान की याद में इस दिवस की परंपरा शुरू हुई थी। यह दिन पुलिस बल के साहस, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा का प्रतीक है।
13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान
समारोह में कटनी जिले के शहीद पुलिसकर्मियों प्रधान आरक्षक श्रवण गर्ग, काशीराम यादव, राजेश शुक्ला, हृदय नारायण यादव, राम किशोर विश्वकर्मा, विनोद राय, प्रकाश सिंह, गया सिंह त्रिपाठी, अवधेश दुबे तथा आरक्षक राजेश गौतम, अशोक सोनी, तखत सिंह और हीरालाल केवट के परिजनों को शाल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
कार्यक्रम में कलेक्टर आशीष तिवारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, जनप्रतिनिधि दीपक टंडन एवं अशोक विश्वकर्मा, एसडीएम जितेंद्र पटेल, डीएसपी रत्नेश मिश्रा, डीएसपी आकांक्षा चतुर्वेदी और रक्षित निरीक्षक सपना त्रिपाठी सहित पुलिस अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक उपस्थित रहे।
पुलिस स्मृति दिवस परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक सोनम उईके ने परेड कमांडर के रूप में किया, जबकि सहायक कमांडर की जिम्मेदारी रक्षित निरीक्षक अंजू लकड़ा ने निभाई। कार्यक्रम का मंच संचालन सीमा जैन ने किया।
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को नमन, 13 शहीद पुलिसकर्मियों के परिजनों का सम्मान पुलिस लाइन झिंझरी में आयोजित हुई स्मृति दिवस परेड, 154 शहीद पुलिसकर्मियों के नामों का किया गया वाचन

