सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के तहत कन्या महाविद्यालय में निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित छात्राओं ने भारतीय संस्कृति, इतिहास और राष्ट्रीय स्वाभिमान पर रखे विचार

कटनी। शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी में सोमनाथ स्वाभिमान पर्व के अंतर्गत गुरुवार, 29 अक्टूबर को निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति, गौरवशाली इतिहास और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में सोमनाथ मंदिर के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डाला गया। वक्ताओं ने बताया कि सोमनाथ मंदिर भारतीय आस्था, अटूट श्रद्धा और सांस्कृतिक पुनर्जागरण का प्रतीक है। इतिहास में अनेक चुनौतियों का सामना करने के बाद भी मंदिर का पुनर्निर्माण भारतीय समाज की दृढ़ इच्छाशक्ति और आत्मसम्मान को प्रदर्शित करता है।
निबंध प्रतियोगिता में छात्राओं ने सोमनाथ मंदिर के इतिहास, भारतीय संस्कृति में उसके महत्व, राष्ट्रीय गौरव एवं भारतीय ज्ञान परंपरा जैसे विषयों पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं की लेखन क्षमता और विचार अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित किया गया।
वहीं, प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में सोमनाथ मंदिर के इतिहास, धार्मिक महत्व एवं भारतीय संस्कृति से संबंधित प्रश्न पूछे गए। छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए अपने ज्ञान और बौद्धिक क्षमता का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं में ऐतिहासिक तथ्यों को जानने की रुचि, जिज्ञासा और तार्किक सोच विकसित करने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त स्टाफ एवं छात्राओं की उपस्थिति रही। सभी ने सक्रिय सहभागिता करते हुए आयोजन को सफल बनाया।
प्राचार्य डॉ. चित्रा प्रभात के मार्गदर्शन में आयोजित यह कार्यक्रम छात्राओं में भारतीय संस्कृति, इतिहास, परंपराओं और राष्ट्रीय स्वाभिमान के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में सराहनीय पहल रहा। इस प्रकार की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियां छात्राओं के सर्वांगीण विकास के साथ अपनी गौरवशाली विरासत के प्रति सम्मान की भावना को भी सुदृढ़ करती हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)