कटनी। जिले में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में बड़वारा पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रेत से भरे दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त किए हैं। दोनों वाहनों में रेत परिवहन के वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। कार्रवाई के दौरान एक ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया, जबकि दूसरे चालक की पहचान लकी सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी मुख्यालय रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध अभियान चलाया जा रहा है।
भुडसा और बसाड़ी में मिली रेत से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को भ्रमण के दौरान बड़वारा पुलिस को ग्राम भुडसा में मुसरा नाला के पास लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। पुलिस को देखकर ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
वहीं, 28 अक्टूबर को ग्राम बसाड़ी के मेन रोड पर भ्रमण के दौरान पुलिस को लाल रंग का महिंद्रा ट्रैक्टर मिला, जिसकी ट्रॉली में रेत भरी हुई थी। चालक से पूछताछ करने पर उसने अपना नाम लकी सिंह पिता फूल सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम गणेशपुर, थाना बड़वारा बताया। रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज मांगने पर चालक कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त
पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई करते हुए धारा 106 बीएनएसएस के तहत ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षार्थ खड़े करवाए हैं। अवैध रेत परिवहन के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
इनकी रही विशेष भूमिका
सम्पूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक सुयश पाण्डेय, सहायक उप निरीक्षक महेश प्रताप सिंह, सहायक उप निरीक्षक रामनाथ साकेत, प्रधान आरक्षक नितेश डोंगरे एवं आरक्षक रंजीत सिंह की विशेष भूमिका रही।
बड़वारा पुलिस की अवैध रेत परिवहन पर बड़ी कार्रवाई बिना वैध दस्तावेज रेत ले जाते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त, एक चालक फरार

