कटनी। शहर की होनहार बेटी गरिमा गंगवानी ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (CA) की कठिन परीक्षा उत्तीर्ण कर न केवल अपने परिवार बल्कि पूरे नगर का गौरव बढ़ाया है। परिणाम घोषित होते ही परिवार सहित शुभचिंतकों और परिचितों में खुशी की लहर दौड़ गई। गरिमा,नगर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं बाबा इलेक्ट्रॉनिक के संचालक अशोक गंगवानी की पुत्री हैं। उनकी इस महत्वपूर्ण सफलता पर परिवार में उत्सव जैसा माहौल है। परिजनों, मित्रों और शुभचिंतकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। परिवार के सदस्यों ने बताया कि गरिमा शुरू से ही पढ़ाई के प्रति बेहद मेहनती, अनुशासित और लगनशील रही हैं। लगातार परिश्रम और दृढ़ संकल्प के बल पर उन्होंने यह कठिन उपलब्धि हासिल की है। उनकी सफलता से न सिर्फ परिवार बल्कि पूरे शहर को गर्व महसूस हो रहा है। गरिमा की इस उपलब्धि पर शहर के गणमान्य नागरिकों और परिचितों ने भी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सफलता युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी। नगर की इस बेटी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह साबित कर दिया है कि लक्ष्य के प्रति समर्पण हो तो कोई भी मुकाम हासिल किया जा सकता है। गरिमा की इस उपलब्धि को शहर के लिए गौरव का क्षण माना जा रहा है।

