कटनी। थाना ढीमरखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिचपुरिया निवासी एक 19 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक के लापता होने के मामले में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सराहनीय कार्य किया। जानकारी के अनुसार रजनीश बर्मन पिता आशाराम बर्मन बीती रात बिना बताए घर से कहीं चला गया था। काफी खोजबीन के बाद भी जब युवक का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने थाना ढीमरखेड़ा पुलिस से मदद की गुहार लगाई।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अभिषेक चोबे के निर्देशन में पुलिस टीम तत्काल सक्रिय हो गई। ए.एस.आई. विजेंद्र तिवारी एवं प्रधान आरक्षक सुबचन यादव को युवक की तलाश के लिए रवाना किया गया। पुलिस टीम ने तत्परता और सूझबूझ के साथ कार्रवाई करते हुए कुछ ही समय में युवक को सुरक्षित ढूंढ निकाला।
इसके बाद युवक को थाना लाकर परिजनों को सूचित किया गया और आवश्यक औपचारिकताओं के बाद उसे सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया। अपने बेटे को सकुशल पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस की इस त्वरित व मानवीय कार्यवाही के लिए आभार व्यक्त किया।
स्थानीय लोगों ने भी पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता की सराहना करते हुए इसे एक सराहनीय पहल बताया।
मानसिक रूप से अस्वस्थ युवक को पुलिस ने किया सकुशल बरामद, परिजनों ने जताया आभार

