*सलैया पटोरी साइलो केंद्र सहित रीठी के 3 खरीदी केन्द्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण कलेक्टर ने चिलचिलाती धूप के बीच साइलो केंद्र का भ्रमण कर किया किसानों से संवाद किसानों से खरीदी केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में पूंछा,कहा- कोई दिक्कत हो तो बेहिचक बतायें*

कटनी। समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन कार्य को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं किसान-केंद्रित बनाने के उद्देश्य से बहोरीबंद क्षेत्र के सलैया पटोरी में शुरू आधुनिक साइलो केंद्र और रीठी के 3 उपार्जन केन्द्रों रीठी, देवगांव और तिलगवा का कलेक्टर श्री आशीष तिवारी ने गुरुवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने केंद्र प्रभारियों को गेहूं उपार्जन प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और किसानों को हर स्तर पर बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।इस दौरान एसडीएम बहोरीबंद  राकेश कुमार चौरसिया, जिला आपूर्ति अधिकारी सज्जन सिंह परिहार, सहायक आपूर्ति अधिकारी पियूष शुक्ला , मध्यप्रदेश वेयरहाउस एंड लाजिस्टिक कारपोरेशन के जिला प्रबंधक श्री सेंगर मौजूद रहे।कलेक्टर श्री तिवारी ने निर्देशित किया कि साइलो केंद्र में आने वाले किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखी जाएं। कलेक्टर ने यहां आने वाले किसानों के पंजीयन आदि की सहूलियत के मद्देनजर कंप्यूटर आपरेटर्स की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने वैशाख की तपती दुपहरी और कड़ी चिलचिलाती धूप के बावजूद पूरे साइलो केंद्र का भ्रमण किया और गेहूं बेचने यहां आये किसानों से खुलकर चर्चा किया।किसान अनार सिंह लोधी ने बताया कि नई व्यवस्था से उपार्जन प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक आसान, तेज और व्यवस्थित हो गई है। पटना और अमगवा से गेहूं बेचने पहुंचे किसानों ने बताया कि साइलो केंद्र पर गेहूं उतारने के लिए पल्लेदारों की आवश्यकता नहीं पड़ती।तौल की प्रक्रिया पारदर्शी है और अनावश्यक प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ रही।किसानों को मिलेंगे ये लाभ आधुनिक साइलो केंद्र सलैया पटोरी में गेहूं खरीदी शुरू हो जाने से उपार्जन केन्द्रों पर भीड़ में कमी आयेगी।फसल का सुरक्षित एवं वैज्ञानिक भंडारण होगा और तौल एवं परिवहन प्रक्रिया में सुगमता तथा किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित होने में मदद मिलेगी।आधुनिक साइलो प्रणाली से उपार्जन कार्य में पारदर्शी, व्यवस्थित और किसान-केंद्रित व्यवस्था को और मजबूती मिली है।दो दिनों में यहां 10 हजार क्विंटल गेहूं की खरीदी हो चुकी है।हो रही समय की बचत*
आधुनिक साइलो केंद्र सलैया पटोरी की एक दिन में गेहूं उपार्जन की क्षमता करीब 20 हजार क्विंटल है। यहां से 22 उपार्जन केन्द्रों के संबद्ध करीब साढ़े 6 हजार किसानों का गेहूं खरीदा जायेगा। यहां गेहूं लेकर आने वाले किसानों का ट्रेक्टर ट्राली में ही एफएक्यू गुणवत्ता चेक करने के बाद इसकी सीधे साइलो में तौल की सुविधा इस व्यवस्था को किसान हितैषी और खास बनाती है। इससे किसान भाईयों की उपज की तुलाई में कम समय लगता है इससे किसानों के समय की बचत हो रही है।

*साइलो केन्‍द्र की कार्यप्रणाली*

साइलो केन्‍द्रों में गेहूँ उपार्जन के लिये पहुंचने वाले किसानों को पहले आओ-पहले पाओ के आधार पर टोकन देकर चेक करते हैं कि स्‍लॉट बुकिंग हुई है या नहीं। वितरित टोकन के आधार पर किसान का नंबर आने पर गेहूँ की ट्रॉली साइलो केन्‍द्र के अंदर बुलाई जाती है। उसके बाद ऑपरेटर रजिस्‍ट्रेशन करते हैं। गेहूँ का सैंपलिंग होता है और गुणवत्‍ता परीक्षण करने के बाद क्‍यूआर कोड निकलता है। जिसे संबंधित ट्रॉली में चिपकाया जाता है। इसके बाद ट्रॉली धर्मकांटा पहुँचती है, जहां स्कैन होकर ट्रॉली का वजन होता है और किसान की फोटो खिंचती है उसके बाद ट्रॉली डंपिंग पिट पहुचती है, जहां गेहूँ खाली किया जाता है। साइलो केन्‍द्र में 4 बैगर मशीनें उपलब्‍ध है, जहां बैग भरने का कार्य किया जाता है। इसी प्रकार 10 क्रेन कार्ड मशीने लगी हैं जो डंपिंग पिट से बैग तक ले जाने का कार्य करती है।
साइलो केन्‍द्र प्रबंधक पुष्‍पेन्‍द्र पटेल ने बताया कि करीब साढ़े 6 हजार किसान इससे संबंद्ध है। इस साइलो केन्‍द्र की क्षमता प्रतिदिन करीब 20 हजार क्विंटल गेहूँ उपार्जन की है। दो दिनों में साइलो केन्‍द्र में अब त‍क 10 हजार क्विंटल गेहूँ की खरीदी हो चुकी है।*केंद्र में किसानों के लिये हों सुविधाएं*
कलेक्टर श्री तिवारी ने रीठी के खरीदी केन्द्रों में किसान भाईयों के लिए छायादार स्थान में बैठने और पेयजल की समुचित व्यवस्था की जानकारी प्राप्त की। साथ ही तौल कांटे ,सिलाई मशीन, कंप्यूटर, इंटरनेट, गुणवत्ता परीक्षण उपकरण और उपज की साफ-सफाई के लिए पंखा, छन्ना आदि की व्यवस्थाएं भी यहां की गई हैं।समर्थन मूल्य के साथ बोनस भी रबी विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों से 2585 रूपये प्रति क्विंटल समर्थन मूल्य एवं राज्य सरकार द्वारा घोषित 40 रूपये प्रति क्विंटल बोनस राशि सहित 2625 रूपये प्रति क्विंटल की दर से गेहूँ का उपार्जन किया जा रहा है। किसानों से आग्रह किया गया है कि वे खरीदी केंद्र में साफ-सुथरा गेंहू लायें।उल्लेखनीय है कि जिले के 22 उपार्जन केन्द्रों को सलैया पटोरी साइलो केंद्र से संबद्ध किया गया है। इसमें बहोरीबंद तहसील के 17 खरीदी केंद्र,रीठी तहसील के 3 और स्लीमनाबाद तहसील के 2 उपार्जन केन्द्र शामिल हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)