*लमतरा फाटक के पास भीषण सड़क हादसा: बस और ओवरलोड हाइवा की टक्कर में 3 की मौत, 29 यात्री घायल कलेक्टर आशीष तिवारी और एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने अस्पताल पहुंचकर संभाली व्यवस्थाएं सांसद वीडी शर्मा ने जाना घायलों का हाल*

  • कटनी- कुठला थाना क्षेत्र के लमतरा फाटक के समीप रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में यात्री बस और ओवरलोड हाइवा के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि बस में सवार एक महिला सहित तीन लोगों की मौके पर ही मृत्यु हो गई। जबकि लगभग 29 यात्री गंभीर एवं सामान्य रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल से एंबुलेंस के माध्यम से घायलों को उपचार हेतु जिला चिकित्सालय लाया गया।प्राप्त जानकारी के अनुसार यात्री बस क्रमांक एमपी-19-पी-0347 और ओवरलोड हाइवा के बीच लमतरा फाटक के पास जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर के प्रभाव से बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कई यात्री उसमें फंस गए। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची तथा घायलों को तत्काल जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। घटना की जानकारी मिलते ही कलेक्टर श्री आशीष तिवारी और पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा जिला चिकित्सालय पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आपातकालीन वार्ड का निरीक्षण कर घायलों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों को घायलों को बेहतर उपचार मुहैया कराने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री तिवारी ने गंभीर घायलों के लिए विशेष चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सभी मरीजों को सर्वोत्तम उपचार उपलब्ध कराया जाए। इसी क्रम में खजुराहो सांसद श्री वीडी शर्मा भी जिला चिकित्सालय पहुंचे और भर्ती घायलों का कुशलक्षेम जाना। उन्होंने चिकित्सकीय दल से चर्चा कर उपचार की जानकारी ली तथा सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सांसद ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की। हादसे के बाद जिला प्रशासन, पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त टीम लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी है।
Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)