कटनी शराब के लिए पैसे न देने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग दादी के साथ मारपीट, उमरियापान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर कलयुगी नाती को भेजा जेल पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के निर्देशन तथा एसडीओपी स्लीमनाबाद अकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी उमरियापान महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में उमरियापान पुलिस ने अपनी 70 वर्षीय वृद्ध दादी के साथ मारपीट करने वाले आरोपी नाती को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
घटना का विवरण: दिनांक 22.06.2026 को प्रार्थिया चैती बाई (पति प्यारेलाल कोल, उम्र 70 वर्ष, निवासी उमरियापान) ने थाना उपस्थित होकर रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसका नाती, करिया उर्फ परदेशी कोल, उससे शराब पीने के लिए पैसों की मांग कर रहा था। जब प्रार्थिया ने पैसे देने से मना किया, तो आरोपी नाती दबाव बनाते हुए कहने लगा कि “घर बेच दो”। प्रार्थिया द्वारा इसका कड़ा विरोध करने और पैसे न देने पर आरोपी ने अपनी ही वृद्ध दादी के साथ मारपीट कर दी।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई:
बुजुर्ग महिला के साथ हुई इस घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया। आरोपी करिया उर्फ परदेशी कोल (पिता कमलेश कोल, निवासी उमरियापान) के विरुद्ध अपराध क्रमांक 192/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296, 115(2), 119(1), और 351(3) का प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।
पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। इसके पश्चात् उसे माननीय जे.एम.एफ.सी. न्यायालय, ढीमरखेड़ा के समक्ष पेश किया गया, जहाँ से जेल वारंट जारी होने पर आरोपी को जिला जेल कटनी में निरुद्ध कर दिया गया है।
सराहनीय भूमिका:
थाना प्रभारी उप-निरीक्षक महेंद्र जायसवाल के नेतृत्व में, उप-निरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, अजय तिवारी, आरक्षक नीलेश पटेल, मोहन मुबेल एवं समस्त थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*शराब के लिए पैसे न देने पर 70 वर्षीय बुजुर्ग दादी के साथ मारपीट, उमरियापान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर कलयुगी नाती को भेजा जेल*

