कटनी। सायना इंटरनेशनल कॉलेज ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज कटनी में शोध एवं अकादमिक लेखन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “रिसर्च पेपर, जर्नल लेखन विधि एवं प्रकाशन” विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। उक्त कार्यशाला में डॉ. भरत मिश्रा, PROFESSOR & DIRECTOR (Dr. Shakuntala Misra National Rehabilitation University, Lucknow, Uttar Pradesh) मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित हुए। कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकों, शोधार्थियों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता ने प्रतिभागियों को गुणवत्तापूर्ण शोध पत्र तैयार करने की प्रक्रिया, शोध विषय के चयन, शोध पद्धति, संदर्भ लेखन, साहित्य समीक्षा, शोध पत्र की संरचना तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय जर्नलों में प्रकाशन की संपूर्ण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी प्रदान की। साथ ही शोध में नैतिकता, प्लेगरिज्म (Plagiarism) से बचाव तथा यूजीसी-केयर सूचीबद्ध जर्नलों के चयन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए शोध लेखन से संबंधित व्यावहारिक सुझाव दिए गए व इसके साथ बताया कि गुणवत्तापूर्ण शोध न केवल अकादमिक उत्कृष्टता का आधार है, बल्कि समाज एवं राष्ट्र के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सी.राजेश कुमार ने आमंत्रित अतिथि एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं शोधोन्मुखी कार्यशालाओं के आयोजन का संकल्प व्यक्त किया। कार्यशाला के सफल आयोजन पर सभी प्रतिभागियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी एवं ज्ञानवर्धक बताया।
*सायना महाविद्यालय में रिसर्च पेपर, जर्नल लेखन एवं प्रकाशन पर एक दिवसीय कार्यशाला का हुआ आयोजन।*

