कटनी। वर्षा ऋतु के दौरान विद्यार्थियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने एवं संभावित दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन द्वारा नगर के जर्जर एवं खतरनाक भवनों चिन्हित जर्जर शाला भवनों के विरुद्ध अभियान चलाकर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में समय-सीमा की बैठक में निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा अधिकारियों को जर्जर संरचनाओं पर कार्यवाही के दिये गए निर्देश पर निगम प्रशासन द्वारा मंगलवार को बिरसा मुण्डा वार्ड स्थित शासकीय प्राथमिक शाला आधारकाप के अत्यंत जर्जर भवन के हिस्से को आवश्यक सुरक्षा प्रबंधों के साथ डिस्मेंटल करने की कार्यवाही की गई।
वर्षा के कारण जर्जर एवं खतरनाक भवनों के ढहने की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए निगम प्रशासन द्वारा ऐसी जर्जर संरचाओं पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। शासकीय प्राथमिक शाला आधार काप का भवन क्षतिग्रस्त एवं उपयोग के लिए असुरक्षित पाये जाने के बाद विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तत्काल डिस्मेंटल की कार्रवाई की गई।
डिस्मेंटल की कार्रवाई के दौरान निगम के तकनीकी अमले की मौजूदगी में मशीनों के माध्यम से शाला भवन का 1 कक्ष, परछी एवं जर्जर शौचालय को सुरक्षित तरीके से हटाया गया। इससे विद्यालय परिसर में संभावित दुर्घटना की आशंका समाप्त हो गई तथा सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया। कार्यवाही के दौरान उपयंत्री श्री शैलेन्द्र प्यासी, प्रभारी अतिक्रमण प्रभारी निशांत कनौजिया सहित अतिक्रमण अमले के अन्य कर्मचारियों की मौजूदगी रही। निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने कहा कि वर्षा ऋतु के दौरान जन सुरक्षा निगम प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। विशेष रूप से शैक्षणिक संस्थानों, सार्वजनिक स्थलों एवं जर्जर भवनों का सतत निरीक्षण कर आवश्यकतानुसार नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि शहर में चिन्हित अन्य जर्जर एवं खतरनाक भवनों के विरुद्ध भी समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, जिससे नागरिकों एवं विद्यार्थियों की सुरक्षा बनी रहे।

