कटनी-शहरवासियों की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी एवं प्रभावी निराकरण के उद्देश्य से आयोजित की जा रही महापौर जनसुनवाई नागरिकों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। यह पहल नागरिकों की समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
इसी क्रम में 28 जुलाई, मंगलवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक नगर निगम में महापौर जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान शहर के नागरिक अपनी समस्याओं एवं शिकायतों से संबंधित आवेदन लेकर सीधे महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष उपस्थित होकर अपनी बात रख सकेंगे।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को सुगम, सहज और समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराना है। जनसुनवाई के माध्यम से नागरिकों की समस्याओं को प्राथमिकता से सुना जाता है तथा संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश देकर उनके त्वरित निराकरण की प्रक्रिया शुरू की जाती है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन का प्रयास है कि नागरिकों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अलग-अलग शाखाओं के चक्कर न लगाने पड़ें, बल्कि एक ही स्थान पर उनकी समस्याओं का समाधान सुनिश्चित हो सके।
महापौर ने शहरवासियों से अपील की है कि मंगलवार, 28 जुलाई को आयोजित महापौर जनसुनवाई में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों के निराकरण हेतु आवेदन प्रस्तुत करें और नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराई जा रही इस जनहितकारी व्यवस्था का लाभ प्राप्त करें।

