*हर घर तिरंगा-2026 अभियान को सफल बनाने कटनी पुलिस की भव्य तिरंगा वाहन रैली पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं संभाली रैली की कमान, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत*

कटनी हर घर तिरंगा-2026 अभियान को सफल बनाने कटनी पुलिस की भव्य तिरंगा वाहन रैली पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं संभाली रैली की कमान, शहरवासियों ने पुष्पवर्षा कर किया भव्य स्वागत भारत की आन, बान और शान राष्ट्रीय ध्वज तिरंगे के प्रति सम्मान, राष्ट्रभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से ‘हर घर तिरंगा-2026’ अभियान के अंतर्गत आज कटनी पुलिस द्वारा रक्षित केंद्र, कटनी से एक विशाल एवं आकर्षक तिरंगा वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर किया। पुलिस अधीक्षक की सक्रिय सहभागिता से पुलिस बल, स्कूली बच्चों एवं आमजन में विशेष उत्साह का वातावरण देखने को मिला। रैली में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य, उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) रत्नेश मिश्रा, उप पुलिस अधीक्षक (अजाक्स) सुश्री शिवा पाठक, निरीक्षक संजय दुबे, निरीक्षक अनूप सिंह, निरीक्षक राखी पाण्डेय, रक्षित निरीक्षक संध्या राजपूत, निरीक्षक उमेश दुबे, निरीक्षक संजीव रावत, निरीक्षक सुश्री अंजू लकड़ा तथा सूबेदार सोनम उइके सहित जिले के विभिन्न थानों एवं रक्षित केंद्र के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में सम्मिलित हुए। रैली में पुलिस बल के साथ-साथ विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की। “भारत माता की जय”, “वंदे मातरम्” एवं “हर घर तिरंगा” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत हो गया। रैली का निर्धारित मार्ग रक्षित केंद्र कटनी से प्रारंभ होकर कलेक्टर-एसपी कार्यालय, माधवनगर चौराहा, मिशन चौक, चांडक चौक, घंटाघर, गर्ग तिराहा, खिरहनी ब्रिज, बरही नाका, सुभाष चौक, थाना तिराहा, बरगवां, मिशन चौक होते हुए पुनः रक्षित केंद्र पहुंचकर सम्पन्न हुआ। संपूर्ण रूट पर यातायात पुलिस द्वारा सुचारु यातायात व्यवस्था सुनिश्चित की गई तथा सबसे आगे यातायात मोबाइल वाहन एवं साउंड सिस्टम के माध्यम से राष्ट्रभक्ति के संदेश प्रसारित किए गए। रैली के दौरान शहर के प्रमुख चौराहों एवं मार्गों पर स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों एवं गणमान्य नागरिकों द्वारा पुलिस वाहन रैली का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया गया। नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर रैली का अभिनंदन किया तथा “हर घर तिरंगा” अभियान को सफल बनाने का संकल्प व्यक्त किया। जगह-जगह पुष्पवर्षा एवं भारत माता के जयघोष से सम्पूर्ण शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री अभिनय विश्वकर्मा ने नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि “हर घर तिरंगा केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान, कर्तव्य एवं गौरव का महापर्व है। प्रत्येक नागरिक अपने घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यालय पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराकर इस अभियान को सफल बनाए तथा आने वाली पीढ़ियों में भी राष्ट्रप्रेम की भावना का संचार करे।” कटनी पुलिस की यह भव्य तिरंगा वाहन रैली राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं देशभक्ति का प्रेरणादायी संदेश देने में सफल रही। पुलिस, विद्यार्थियों एवं आमजन की सहभागिता ने यह सिद्ध कर दिया कि तिरंगा प्रत्येक भारतीय के सम्मान, स्वाभिमान, बलिदान और राष्ट्र गौरव का प्रतीक है तथा “हर घर तिरंगा” अभियान जन-जन का अभियान बन चुका है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)