कटनी, शहर की यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित बनाने और ऑटो यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यातायात पुलिस ने सोमवार शाम विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं उप पुलिस अधीक्षक यातायात रत्नेश मिश्रा के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान 50 से अधिक ऑटो वाहनों की जांच की गई। यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कोतवाली थाना चौराहा मार्ग एवं कोतवाली परिसर क्षेत्र में ऑटो वाहनों को रोककर उनके दस्तावेज और यातायात नियमों के पालन की जांच की। इस दौरान चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, निर्धारित वर्दी, वाहन का इंश्योरेंस सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की पड़ताल की गई।
ओवरलोडिंग पर रही विशेष नजर
जांच के दौरान ऑटो में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाकर संचालन करने वाले चालकों पर भी विशेष नजर रखी गई। यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालानी कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी।
पुलिस ने ऑटो चालकों से कहा कि वे वैध दस्तावेजों के साथ ही वाहन संचालित करें, निर्धारित वर्दी पहनें और ऑटो की क्षमता के अनुसार ही यात्रियों को बैठाएं। यातायात पुलिस का कहना है कि यात्री वाहनों में नियमों की अनदेखी सीधे यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
आगे भी जारी रहेगा जांच अभियान
यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि ऑटो सहित अन्य यात्री वाहनों की जांच का अभियान आगे भी जारी रहेगा। पुलिस का उद्देश्य केवल चालानी कार्रवाई करना नहीं, बल्कि वाहन चालकों में यातायात अनुशासन विकसित कर शहर में सुरक्षित, सुगम एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम करना है।
पुलिस ने ऑटो चालकों से अपील की है कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें, सभी आवश्यक दस्तावेज वैध रखें और यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये अधिकारी-कर्मचारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान सूबेदार सोनम उइके, उप निरीक्षक अशोक सिंह, उप निरीक्षक शशिभूषण दुबे, उप निरीक्षक ईश्वर बागरी, सहायक उप निरीक्षक महेश झारिया, प्रधान आरक्षक सुरेंद्र सिंह, आरक्षक मंजय यादव, आरक्षक राजकुमार अहिरवार, प्रधान आरक्षक प्रवीण सिंह, प्रधान आरक्षक अनूप इक्का एवं प्रधान आरक्षक लेखपाल सिंह सहित यातायात पुलिस बल मौजूद रहा।

