मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास 18.748 किलो गांजा जब्त, हरियाणा का तस्कर गिरफ्तार

कटनी। अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मुड़वारा रेलवे स्टेशन के पास से 18.748 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी के आरोप में हरियाणा निवासी 22 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 85 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17-18 अगस्त की दरम्यानी रात को कोतवाली पुलिस टीम मुड़वारा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग और रात्रि गश्त कर रही थी। इसी दौरान स्टेशन से सिविल लाइन की ओर जाने वाले मार्ग पर फुट ओवरब्रिज के पास एक युवक दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग लेकर संदिग्ध हालत में खड़ा दिखाई दिया।
पुलिस वाहन को देखकर युवक दोनों ट्रॉली बैग मौके पर छोड़कर जाने का प्रयास करने लगा। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक ने अपना नाम योगेश यादव पिता जुगल किशोर यादव, उम्र 22 वर्ष, निवासी गदाईपुर, थाना पटौदी, जिला गुरुग्राम, हरियाणा बताया।
संदेह के आधार पर स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में दोनों ट्रॉली बैग और पिठ्ठू बैग की तलाशी ली गई। तलाशी में कुल 18 पैकेट गांजा बरामद हुए। तौल करने पर गांजे का कुल वजन 18.748 किलोग्राम पाया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 1.85 लाख रुपये है। गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए जा रहे दो ट्रॉली बैग और एक पिठ्ठू बैग भी पुलिस ने जब्त किए हैं।
आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 908/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसकी डिलीवरी कहां की जानी थी। पूछताछ में गांजा सप्लाई नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना है।
कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के मार्गदर्शन तथा कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक राखी पाण्डेय के नेतृत्व में की गई। कार्रवाई में पुलिस टीम के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ थाना एनकेजे के आरक्षक अनमोल सिंह एवं रणविजय सिंह की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)