कटनी। रंगनाथनगर थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 54 लीटर लाल मसाला शराब के साथ एक युवक को स्कूटी सहित गिरफ्तार किया है। मामले की विवेचना के दौरान शराब उपलब्ध कराने के आरोप में एक अन्य व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक आरोपी अभी फरार बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार 17 अगस्त को अपराध पतासाजी एवं पेट्रोलिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली थी कि मंगल नगर पुलिया के पास एक व्यक्ति सेलेटी रंग की स्कूटी से भारी मात्रा में अवैध शराब लेकर आने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। इसी दौरान स्कूटी क्रमांक MP 21 ZH 9350 पर एक व्यक्ति दिखाई दिया, जो पुलिस को देखकर भागने लगा।
पुलिस ने पीछा कर भूत बंगला रेलवे लाइन के पास घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। स्कूटी की तलाशी लेने पर थैले में 54 लीटर लाल मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 30 हजार रुपये है, बरामद हुई। आरोपी की पहचान युवराज उर्फ हनीश सिक्कलवाल (20), निवासी फॉरेस्टर वार्ड, झर्रा टुकरिया, थाना रंगनाथनगर के रूप में हुई। शराब के संबंध में वैध दस्तावेज नहीं मिलने पर उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 355/2026 के तहत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम में मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी के कथनों के आधार पर पुलिस ने कमलेश चौधरी (47), निवासी फॉरेस्टर वार्ड, थाना रंगनाथनगर को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक एक अन्य आरोपी फरार है, जिसकी तलाश की जा रही है।
कार्रवाई में इनकी रही भूमिका: थाना प्रभारी उपनिरीक्षक अरुणपाल सिंह, सहायक उपनिरीक्षक बहादुर सिंह, प्रधान आरक्षक महेन्द्र दुबे, प्रधान आरक्षक लालजी यादव, आरक्षक बृजेश, आरक्षक रोहित झारिया एवं एनआरएस संदीप की सराहनीय भूमिका रही।
54 लीटर अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार, स्कूटी जब्त

