सूने घर में चोरी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी जेल भेजा

कटनी। उमरियापान थाना पुलिस ने सूने मकान को निशाना बनाकर चोरी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर चोरी गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर उसे जिला जेल कटनी भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार पुलिस अधीक्षक कटनी अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं एसडीओपी स्लीमनाबाद आकांक्षा चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उमरियापान थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चोरी के मामले का खुलासा किया।
जानकारी के अनुसार पकारिया निवासी वर्षा लोधी ने उमरियापान थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि 4 अगस्त 2026 की दरमियानी रात अज्ञात चोर घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात से भरी पेटी चोरी कर ले गया। शिकायत पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 250/2026 के तहत धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान प्रार्थिया ने अजीत उर्फ जित्तू कोल, पिता बल्लू कोल, निवासी बरौदा, थाना उमरियापान पर संदेह जताया। पुलिस ने संदेही को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी द्वारा चोरी की वारदात स्वीकार करने के बाद उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए गए।
कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक महेंद्र जायसवाल, उपनिरीक्षक भरत सिंह मार्को, प्रधान आरक्षक आशीष झारिया, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक सतेन्द्र चौरसिया, नीलेश पटेल, मोहन मुबेल, रोहित झारिया सहित थाना स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)