कटनी। त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य पदार्थों की शुद्धता एवं गुणवत्ता सुनिश्चित करने खाद्य सुरक्षा विभाग ने शहर में जांच अभियान तेज कर दिया है। कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा अमले ने विभिन्न मिष्ठान एवं खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर संदेहास्पद खाद्य पदार्थों के नमूने संकलित किए।
अभियान के तहत मिशन चौक स्थित कोजी मिष्ठान भंडार से खोया पेड़ा, दूध बर्फी और नमकीन, इंदौर सेव भंडार से बूंदी लड्डू एवं खोया बर्फी के नमूने लिए गए। सिल्वर टॉकीज स्थित बाहुबली दूध भंडार से पनीर व खोया तथा सिल्वर टॉकीज रोड स्थित शानू मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला, नमकीन और बर्फी के नमूने संकलित किए गए।
इसी तरह बाहुबली खोया भंडार से खोया पेड़ा एवं खोया, पन्ना मोड़ स्थित पटेल मिष्ठान भंडार से कलाकंद एवं खोया तथा बस स्टैंड स्थित बीकानेर मिष्ठान भंडार से खोया पेड़ा का नमूना लिया गया। पुरानी स्थित गोरे लाल मिठाई भंडार से बूंदी लड्डू एवं कलाकंद और बस स्टैंड स्थित ओम साई मिठाई शॉप से लड्डू एवं सलोनी के नमूने भी जांच के लिए संकलित किए गए।
लैब रिपोर्ट से तय होगी गुणवत्ता
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी नमूनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और निर्धारित खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुरूप होने अथवा नहीं होने का अंतिम निर्धारण किया जाएगा।
अमानक मिलने पर होगी वैधानिक कार्रवाई
विभाग ने स्पष्ट किया है कि जांच में यदि कोई खाद्य पदार्थ निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया जाता है तो संबंधित प्रतिष्ठान के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा लागू नियमों के तहत नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य खाद्य कारोबारियों को गुणवत्ता मानकों का पालन कराने के साथ नागरिकों को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है।
10 खाद्य प्रतिष्ठानों में छापामार निरीक्षण, खोया-पेड़ा, पनीर और नमकीन के नमूने लिए

