कटनी/विजयराघवगढ़। विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध रूप से गांजा परिवहन करने वाले चाचा-भतीजे को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 2 किलो 960 ग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस वीरेंद्र धार्वे के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे की टीम द्वारा 5 सितंबर को आईटीआई विजयराघवगढ़ के तलैया के पास मुख्य मार्ग पर वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो व्यक्तियों को संदिग्ध गतिविधि के चलते रोककर तलाशी ली गई।
तलाशी के दौरान पीछे बैठे व्यक्ति के पिट्ठू बैग से मादक पदार्थ गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों के कब्जे से 2 किलो 960 ग्राम गांजा तथा मोटरसाइकिल जब्त कर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों के आपस में चाचा-भतीजा होने की जानकारी सामने आई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान समयलाल कोल पिता सुखलाल कोल तथा गोविंद प्रसाद कोल पिता प्रेमलाल कोल, उम्र 52 वर्ष, निवासी ग्राम खिरवा नंबर-1, थाना विजयराघवगढ़, जिला कटनी के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जिला जेल भेज दिया गया।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उपनिरीक्षक जगदीश प्रसाद पाण्डेय, सहायक उपनिरीक्षक विक्रम सिंह, सहायक उपनिरीक्षक संतोष स्वामी, आरक्षक 552 अंजनी झा सहित स्वतंत्र साक्षियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
चाचा-भतीजा गांजा तस्करी करते गिरफ्तार, 2.960 किलो गांजा बरामद

