कटनी। लूट की वारदात के बाद फरियादी को पुलिस में रिपोर्ट करने से रोकने और भयभीत करने के उद्देश्य से बमबारी करने के मामले में रंगनाथ नगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदतन अपराधी अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार और सुमित रैकवार शामिल हैं। पुलिस घटनाक्रम में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार 6 सितंबर को फरियादी रामनिवास सिंह पैदल अपने घर जा रहा था। श्मशान भूमि की बाउंड्री के पास गड्ढा टोला क्षेत्र में अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार एवं उसके साथियों ने उसे रोककर गाली-गलौज करते हुए शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर समीर वंशकार एवं उसके साथी ने फरियादी की जेब से 2800 रुपये निकाल लिए और उसके साथ मारपीट की। इसी दौरान अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार ने चाकू दिखाकर धमकाते हुए पुलिस में रिपोर्ट करने पर जान से खत्म करने की धमकी दी।
रिपोर्ट न करने देने के लिए की बमबारी
लूट के बाद आरोपियों ने फरियादी और उसके परिजनों में दहशत फैलाने के लिए बमबारी की। उसी दिन शाम करीब 7:30 बजे फरियादी अपनी बड़ी मम्मी के घर के सामने खड़ा था। इसी दौरान अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार, समीर वंशकार एवं अन्य साथी वहां पहुंचे और घर के बाजू की दीवार की ओर सुअर बम फेंके। बम फटने की आवाज सुनकर भयभीत फरियादी वहां से भाग गया। पुलिस को घटनास्थल से बम फूटने का सामान भी मिला।
फरियादी की रिपोर्ट पर रंगनाथ नगर थाने में दोनों घटनाओं को लेकर बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
लगातार दबिश देकर पकड़े आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दी गई। पुलिस ने 48 घंटे के भीतर अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार, पिता स्व. चरण डुमार, उम्र 21 वर्ष, निवासी रामनिवास वार्ड, थाना रंगनाथ नगर तथा सुमित रैकवार, पिता संजय रैकवार, उम्र 19 वर्ष, निवासी रामनिवास वार्ड, थाना रंगनाथ नगर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
अर्जुन के खिलाफ एक दर्जन से अधिक मामले
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार मुख्य आरोपी अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार आदतन अपराधी है। उसके विरुद्ध कटनी जिले के विभिन्न थानों में एक दर्जन से अधिक संगीन आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस उसके आपराधिक रिकॉर्ड को संकलित कर नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य एवं डीएसपी अजाक सुश्री शिवा पाठक के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी रंगनाथ नगर उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय के नेतृत्व में की गई।
सराहनीय भूमिका: उप निरीक्षक सिद्धार्थ राय, सउनि बहादुर सिंह, सउनि विजेंद्र तिवारी, प्रधान आरक्षक प्रमोद सिंह, प्रधान आरक्षक महेंद्र दुबे, प्रधान आरक्षक पवन पाठक, प्रधान आरक्षक अजय तिवारी, आरक्षक वीरेंद्र दहायत एवं आरक्षक माधव साहू की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
लूट के बाद फरियादी को धमकाने बमबारी, 48 घंटे में मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार आदतन आरोपी अर्जुन उर्फ पुड़ी डुमार के खिलाफ दर्ज हैं एक दर्जन से अधिक संगीन मामले, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

