कटनी। जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत निवार पुलिस ने जुआ खेल रहे छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से ₹3,170 नगद एवं ताश के पत्ते जब्त किए हैं। वहीं जुआ खिलाने वाला आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार 18 सितंबर को चौकी निवार पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम बिछिया के रंगमंच में कुछ लोग ताश के पत्तों से रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना पर चौकी प्रभारी निवार अंजनी कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी। घेराबंदी कर पुलिस ने छह लोगों को जुआ खेलते हुए पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपियों में जितेंद्र सिंह, प्रदीप कोल, शिवम बर्मन, शिवकुमार कोल, संजीत सोनी और ललित कुमार शामिल हैं। वहीं जुआ खिलाने वाला आरोपी मोनू उर्फ प्रदीप बर्मन निवासी बिछिया मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है।
पकड़े गए आरोपियों के विरुद्ध धारा 13 जुआ अधिनियम एवं धारा 49(बी) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में चौकी प्रभारी अंजनी कुमार मिश्र के साथ सउनि राजेश कोरी, गौरव सेन, अरविंद कुशवाहा सहित पुलिस स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
निवार पुलिस की जुआरियों पर कार्रवाई, छह गिरफ्तार ₹3,170 नगद और ताश के पत्ते जब्त, जुआ खिलाने वाला आरोपी फरार

