कटनी। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत विजयराघवगढ़ पुलिस ने अवैध शराब के परिवहन के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 74 लीटर देशी मदिरा शराब जब्त की है, जिसकी कीमत करीब 38 हजार 400 रुपए बताई गई है।
पुलिस के अनुसार 17 सितंबर को थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक चौबे के नेतृत्व में पुलिस टीम कस्बा एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान परसवारा-खैरहाई रोड पर मोटरसाइकिल क्रमांक एमपी-21-जेडडी-6354 पर सवार एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। उसके पास दो थैले थे, जिनमें से एक थैला मोटरसाइकिल की पीछे वाली सीट पर रस्सी से बंधा था, जबकि दूसरा मोटरसाइकिल के हुक में फंसा हुआ था।
पुलिस ने मोटरसाइकिल चालक को रोककर तलाशी ली। पूछताछ में उसकी पहचान ग्राम कारितलाई निवासी कैलाश वर्मन पिता कमलेश वर्मन, उम्र 30 वर्ष के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 74 लीटर देशी शराब बरामद हुई। शराब के संबंध में आरोपी के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर उसे विधिवत गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश पर आरोपी को जिला जेल भेज दिया गया है। मामले में पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है।
कार्रवाई में थाना प्रभारी अभिषेक चौबे, सहायक उप निरीक्षक विक्रम सिंह, आरक्षक अंजनी झा, आरक्षक पप्पू प्रजापति एवं प्रधान आरक्षक चालक मज्जू कोल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
74 लीटर अवैध शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार विजयराघवगढ़ पुलिस की कार्रवाई, करीब 38 हजार रुपए की शराब जब्त

