कटनी। गणेश अनंत चतुर्दशी के पावन अवसर पर शुक्रवार को शहर के विभिन्न विसर्जन स्थलों पर गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन प्रारंभ हो गया। बारिश की फुहारों के बीच श्रद्धालु पूरे भक्तिभाव और श्रद्धा के साथ भगवान श्रीगणेश की प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन स्थलों पर पहुंचे और विधि-विधान से प्रतिमाओं का विसर्जन किया।
श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम प्रशासन द्वारा विभिन्न विसर्जन स्थलों पर कृत्रिम विसर्जन कुंड तैयार कराए गए हैं। श्रद्धालु इन्हीं कुंडों में गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन कर रहे हैं। इससे प्राकृतिक जलस्रोतों में प्रतिमा विसर्जन को नियंत्रित करने के साथ ही घाटों पर भीड़ को व्यवस्थित रखने में मदद मिल रही है।
विसर्जन पर्व को लेकर नगर निगम द्वारा घाटों पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा, स्वच्छता और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अधिकारी-कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाई गई है। कर्मचारियों द्वारा विसर्जन प्रक्रिया की निगरानी के साथ ही घाटों पर साफ-सफाई एवं अन्य व्यवस्थाओं का भी ध्यान रखा जा रहा है।
बारिश के बावजूद गणेश भक्तों में उत्साह बना हुआ है। श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और जयकारों के साथ बप्पा को विदाई दे रहे हैं। घाटों पर ‘गणपति बप्पा मोरया, अगले बरस तू जल्दी आ’ के जयकारे गूंजते रहे।
बारिश की फुहारों के बीच शुरू हुआ गणेश प्रतिमा विसर्जन कृत्रिम विसर्जन कुंडों में श्रद्धालु कर रहे प्रतिमाओं का विसर्जन, नगर निगम ने की समुचित व्यवस्थाएं

