कटनी। गणेश अनंत चतुर्दशी पर्व के दूसरे दिन भी शनिवार को नगर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साहपूर्ण माहौल के बीच गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन का क्रम अनवरत जारी है। नगर के चिन्हित विसर्जन घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षित विसर्जन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम प्रशासन द्वारा आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है।
इस दौरान नगर निगम की उपायुक्त श्रीमती प्रियंका झारिया, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, मोना करेरा ने गाटर घाट सहित अन्य विसर्जन घाटों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने घाटों पर तैनात निगम अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विसर्जन कुंडों की साफ सफाई, शुद्ध जल भराव, घाटों की स्वच्छता, प्रकाश, सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य जनसुविधाओं की व्यवस्था सतत बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही शेष प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए विशेष सतर्कता बरतने को कहा।
उल्लेखनीय है कि निगम प्रशासन की टीम शनिवार को शिफ्टवार विसर्जन स्थलों पर लगातार सक्रिय रहकर व्यवस्थाओं की निरंतर निगरानी कर रही है, ताकि श्रद्धालु शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से विघ्नहर्ता प्रभु श्री गणेश को विदाई दे सकें।

