सायना स्कूल की 14वीं मैराथन में गूंजा ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ का संदेश 12 किमी दौड़ में बच्चों, युवाओं, अभिभावकों और शिक्षकों ने लिया हिस्सा

कटनी। गांधी जयंती के अवसर पर सायना इंटरनेशनल स्कूल, कटनी द्वारा शुक्रवार को 14वीं मैराथन रन का आयोजन किया गया। इस वर्ष मैराथन की थीम ‘मजबूत शरीर, तेज दिमाग, बेहतर जीवन’ रखी गई। मैराथन का उद्देश्य शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ स्वच्छ वातावरण और सिंगल यूज पॉलीथीन से मुक्ति का संदेश देना रहा।
मैराथन की शुरुआत रेलवे स्टेशन कटनी से हुई और करीब 12 किलोमीटर की दूरी तय कर प्रतिभागी सायना इंटरनेशनल स्कूल, झिंझरी पहुंचे। स्कूल प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा, मैनेजमेंट प्रतिनिधि ऋषि अरोरा, सायना किड्स स्कूल प्रभारी डॉ. भारती शर्मा, हेड मास्टर डॉ. लोकेश दुबे एवं कमल सरेचा ने ध्वज दिखाकर दौड़ का शुभारंभ किया। विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं के साथ अभिभावकों एवं शिक्षकों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया।
बालक वर्ग में विवेक सिंह प्रथम
प्रतियोगिता के बालक वर्ग में सायना इंटरनेशनल स्कूल के विवेक सिंह ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सायना सैनिक स्कूल के कैडेट अभिराज लोधी द्वितीय तथा सायना इंटरनेशनल स्कूल के अनुराग पटेल तृतीय स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में सायना इंटरनेशनल स्कूल की श्रेया कुशवाहा ने प्रथम, सायना सैनिक स्कूल की कैडेट कृष्णयी भंडारकर ने द्वितीय तथा कैडेट महिरा परवीन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
मुख्य अतिथि ने विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया।
प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को नमन करते हुए कहा कि ‘स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत’ केवल नारा नहीं, बल्कि स्वस्थ और सुंदर समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प है। उन्होंने स्वच्छता बनाए रखने, प्लास्टिक का कम उपयोग करने, पौधरोपण तथा जल एवं प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण का संदेश दिया।
स्वच्छता अभियान में भी लिया हिस्सा
कार्यक्रम के दूसरे चरण में विद्यार्थियों एवं स्कूल स्टाफ ने स्वच्छता अभियान चलाकर सायना परिसर की साफ-सफाई की। इसके बाद छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने स्कूल में कार्यरत श्रमजीवियों को स्नेहपूर्वक भोजन कराया।
स्कूल चेयरपर्सन श्रीमती निधि पाठक ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 14 वर्षों से आयोजित हो रही सायना मैराथन ने समाज में स्वास्थ्य, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। क्रीड़ा विभाग प्रभारी श्रीमती पिंकी बलियानी ने प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन मानसिक एवं शारीरिक क्षमताओं के विकास में सहायक होते हैं। धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)