कटनी। आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में कटनी दशहरा महोत्सव समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को शेर चौक स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर परिसर में आयोजित हुई। बैठक में शहर की विभिन्न दुर्गा समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि बड़ी संख्या में शामिल हुए। समिति पिछले चार वर्षों से कटनी के दशहरा महापर्व की सांस्कृतिक विरासत को भव्यता, गौरव और गरिमा के साथ आगे बढ़ाने के लिए प्रयासरत है।
बैठक में डीएसपी रत्नेश मिश्रा एवं कोतवाली थाना प्रभारी राखी पांडे भी स्वप्रेरणा से उपस्थित हुईं और दुर्गा समितियों के प्रतिनिधियों के साथ व्यवस्थाओं को लेकर चर्चा की। इस दौरान सभी दुर्गा समितियों ने पुलिस एवं प्रशासन के साथ सहयोग, संवाद और आपसी समन्वय बनाए रखने का संकल्प लिया।
दशहरा महोत्सव समिति की ओर से ललित सोनी, अमर ताम्रकार, रौनक खंडेलवाल, प्रदीप द्विवेदी, हितेंद्र स्वर्णकार एवं संदीप गुप्ता ने आगामी नवरात्रि एवं दशहरा पर्व को दृष्टिगत रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाओं से जुड़े मुद्दों की जानकारी दी। समिति द्वारा पुलिस प्रशासन, नगर निगम एवं विद्युत विभाग से संबंधित विभिन्न मांगों को लेकर मांग पत्र भी सौंपा गया।
समिति ने विद्युत व्यवस्था, सड़कों की मरम्मत, सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था, पुलिस निगरानी व तैनाती, सुगम यातायात, दशहरा जुलूस मार्ग पर लाउडस्पीकर एवं कंट्रोल रूम की व्यवस्था, आवश्यक स्थानों पर बैरिकेडिंग, पेयजल, प्रसाधन तथा सुविधाजनक विसर्जन व्यवस्था सुनिश्चित किए जाने की मांग की।
बैठक में दुर्गा समितियों के प्रतिनिधियों ने विशेष रूप से नगर निगम से नवरात्रि पर्व शुरू होने से पहले गड्ढायुक्त सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक दुरुस्तीकरण कराने की मांग रखी, ताकि श्रद्धालुओं एवं जुलूसों को आवागमन में परेशानी न हो।
बैठक में सभी समितियों ने शासन-प्रशासन के साथ संवाद, समन्वय एवं सहयोग बनाए रखते हुए दशहरा महापर्व को भव्यता और दिव्यता के साथ उत्साहपूर्वक मनाने का संकल्प लिया। समिति पदाधिकारियों ने कहा कि सभी समितियों के सहयोग और आपसी समन्वय से कटनी शहर की ऐतिहासिक परंपरा, संस्कृति एवं विरासत को पुनः गौरवशाली स्वरूप प्रदान करने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।
बैठक में आकाश जायसवाल (पार्षद), अमित गुप्ता, रमाकांत पप्पू दीक्षित, अनिल ताम्रकार, संदीप रजक, आशीष ताम्रकार, हरिओम शिवहरे, मोहित पटेल, अभिनव चौरसिया, नीरज दुबे, बंटी कचेर, मुकेश पाठक, संजीव सोनी, जितेंद्र साहू, आकाश ताम्रकार, आकाश साहू, दीपक नामदेव, मोहन जायसवाल, विवेक खटीक, कान्हा प्यासी, बंटी सोनी, शैलेन्द्र सिंह, जग्गू ठाकुर, निक्की गंगवानी, राहुल जैन, अनिल प्रकाश गुप्ता, पंकज गुप्ता सहित बड़ी संख्या में दुर्गा समितियों के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।
दशहरा महोत्सव की तैयारियों को लेकर समिति की बैठक, प्रशासन से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग

