दिवंगत कर्मचारियों के तीन आश्रितों को मिली अनुकंपा नियुक्ति, परिवारों को मिला आत्मनिर्भरता का संबल महापौर प्रीति संजीव सूरी ने सौंपे नियुक्ति आदेश, निगमायुक्त की नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों के निराकरण में आई तेजी

कटनी। सेवाकाल के दौरान कर्मचारियों के निधन से प्रभावित परिवारों को आर्थिक संबल देने की दिशा में नगर पालिक निगम कटनी द्वारा अनुकंपा नियुक्ति की प्रक्रिया को गति दी जा रही है। इसी क्रम में महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने बुधवार को दिवंगत कर्मचारियों के तीन आश्रितों को अनुकंपा नियुक्ति के आदेश प्रदान किए।
नियुक्ति आदेश प्राप्त होने पर आश्रितों और उनके परिजनों के चेहरों पर राहत और संतोष नजर आया। महापौर श्रीमती सूरी ने नियुक्ति प्राप्त आश्रितों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुकंपा नियुक्ति का उद्देश्य कर्मचारी की असामयिक मृत्यु के बाद उसके परिवार को आर्थिक कठिनाइयों से उबारना और सम्मानपूर्वक जीवन जीने का अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मचारियों से पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
इन तीन आश्रितों को मिली नियुक्ति
अनुकंपा नियुक्ति के तहत नगर निगम कटनी में भृत्य के पद पर कार्यरत रहे स्वर्गीय श्री रविशंकर रैकवार के पुत्र श्री अमित रैकवार को नगर निगम कार्यालय में सहायक ग्रेड-3 के पद पर नियुक्त किया गया है।
इसी प्रकार स्वास्थ्य शाखा में सफाई संरक्षक के पद पर पदस्थ रहे स्वर्गीय श्री मोहन पिता श्री बिलोंची की पुत्री सुश्री स्नेहा अर्खेल को सफाई संरक्षक (चतुर्थ श्रेणी) के पद पर नियुक्ति दी गई।
वहीं स्वर्गीय श्रीमती मायाबाई पति गणेश कुमार के पुत्र श्री अजय कुमार डुमार को भी सफाई संरक्षक के पद पर नियुक्ति प्रदान की गई है।
नियमित समीक्षा से लंबित प्रकरणों को मिली गति
निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार द्वारा अनुकंपा नियुक्ति के लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता से लेते हुए प्रत्येक सोमवार आयोजित होने वाली समय-सीमा बैठक में इनकी नियमित समीक्षा की जा रही है। प्रकरणों की स्थिति, आवश्यक कार्यवाही और लंबित बिंदुओं की समीक्षा के परिणामस्वरूप नियुक्ति संबंधी मामलों के निराकरण में तेजी आई है।
तीन आश्रितों को मिले नियुक्ति आदेश संबंधित परिवारों के लिए रोजगार का अवसर मिलने के साथ ही भविष्य को लेकर भरोसे और आत्मनिर्भरता की नई शुरुआत का आधार बने हैं।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)