नवरात्रि की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त ने किया निरीक्षण जालपा मंदिर से गाटर घाट तक व्यवस्थाओं का लिया जायजा, जुलूस मार्ग को गड्ढामुक्त करने के निर्देश

कटनी। शारदेय नवरात्रि पर्व की तैयारियों को लेकर निगमायुक्त सुश्री तपस्या परिहार ने जालपा देवी मंदिर, गोलबाजार स्थित रामलीला मैदान, मुख्य जुलूस मार्ग और प्रतिमा विसर्जन स्थल गाटर घाट का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सड़क, स्वच्छता, प्रकाश, जल निकासी और सुरक्षा संबंधी सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत जालपा देवी मंदिर से हुई। निगमायुक्त ने मंदिर में दर्शन-पूजन कर नगरवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। उन्होंने मंदिर पहुंच मार्ग का निरीक्षण कर सड़क समतलीकरण, खुली नालियों को ढकने और नाली के बहाव को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
इसके बाद गोलबाजार स्थित रामलीला मैदान का निरीक्षण कर प्रवेश द्वार पर जलभराव की समस्या दूर करने, दुकानों को व्यवस्थित करने, स्वच्छता बनाए रखने और क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल की मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने पंचमुखी हनुमान मंदिर से सुभाष चौक, झंडा बाजार, सुक्खन चौक और आजाद चौक होते हुए गाटर घाट तक मुख्य जुलूस मार्ग का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने मार्ग के गड्ढों की भराई कर गड्ढामुक्त बनाने, अस्थायी अतिक्रमण एवं निर्माण सामग्री हटाने, खुली नालियों को ढकने और विद्युत तारों को व्यवस्थित कराने के निर्देश दिए।
गाटर घाट पर उन्होंने प्रतिमा विसर्जन स्थल और कृत्रिम विसर्जन कुंड का जायजा लेकर मार्ग का समतलीकरण कराने तथा पर्याप्त आकार का अस्थायी विसर्जन कुंड तैयार करने को कहा। साथ ही भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए एनजीटी और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के निर्देशों के अनुरूप स्थायी विसर्जन व्यवस्था का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। विसर्जन स्थल पर सीसीटीवी कैमरे, पर्याप्त प्रकाश, माइक, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को भी कहा। इसके अलावा पुराने कुएं की सफाई कराने तथा लो-लाइन एरिया में निर्माणाधीन भवनों के संबंध में नियमानुसार नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नवरात्रि, जवारा विसर्जन और दशहरा चल समारोह को देखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा में पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान कार्यपालन यंत्री सुधीर मिश्रा, राजस्व अधिकारी जागेश्वर प्रसाद पाठक, सहायक यंत्री आदेश जैन, अनिल जायसवाल, मृदुल श्रीवास्तव, राजस्व उप निरीक्षक विनोद सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)