कटनी। ग्वालियर स्थित द सिंधिया स्कूल में आयोजित 25वीं महाराज माधवराव सिंधिया स्मृति राष्ट्रीय हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में सायना इंटरनेशनल स्कूल के छात्र अभिजीत तिवारी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिवाद में प्रथम स्थान प्राप्त किया और सर्वश्रेष्ठ वक्ता का खिताब अपने नाम किया। इसके साथ ही उन्होंने ‘सुनो कहानी’ प्रतियोगिता में द्वितीय तथा ‘बुनो कहानी’ प्रतियोगिता में तृतीय स्थान हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया।
प्रतियोगिता में सायना इंटरनेशनल स्कूल के हिंदी शिक्षक दिलीप कुमार झा के मार्गदर्शन में तीन विद्यार्थियों सागर मिश्रा, अभिजीत तिवारी और समर्थ गुप्ता ने सहभागिता की। विद्यार्थियों ने ऑक्सफोर्ड, टर्न-कोर्ट और कैंब्रिज पद्धतियों के माध्यम से अपने तर्क प्रस्तुत करते हुए विचारों की प्रभावशाली अभिव्यक्ति की।
अभिजीत की इस उपलब्धि पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आदित्य कुमार शर्मा ने प्रातःकालीन प्रार्थना सभा में उन्हें बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों के अभिव्यक्ति कौशल और चिंतन क्षमता को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि करती हैं।
हिंदी वाद-विवाद प्रतियोगिता में सायना के अभिजीत तिवारी ने जीता सर्वश्रेष्ठ वक्ता का खिताब 25वीं महाराज माधवराव सिंधिया स्मृति प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन, ‘सुनो कहानी’ में द्वितीय और ‘बुनो कहानी’ में तृतीय स्थान प्राप्त किया

