एनओसी के लिए 25 हजार की रिश्वत मांगी, 20 हजार लेते लिपिक गिरफ्तार ट्रांसपोर्ट नगर में बैंक लोन के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी करने के बदले मांगी थी रकम, लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने रंगे हाथों पकड़ा

कटनी। ट्रांसपोर्ट नगर में बैंक ऋण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) जारी करने के एवज में रिश्वत मांगने के आरोप में नगर निगम के एक लिपिक को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने शुक्रवार को 20 हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के रूप में हुई है। लोकायुक्त की टीम मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर पुरैनी में प्लॉट नंबर 137 आवंटित है। प्लॉट पर निर्माण कार्य कराने के लिए उन्होंने बैंक से ऋण लेने हेतु आवेदन किया था। बैंक प्रबंधन ने ऋण स्वीकृति की प्रक्रिया के तहत नगर निगम से एनओसी प्रस्तुत करने को कहा था। इसके बाद अशोक कनकने एनओसी प्राप्त करने के लिए नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे।
25 हजार रुपये की मांगी थी रिश्वत
आरोप है कि एनओसी जारी करने के बदले लिपिक ने ट्रांसपोर्टर से 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। रिश्वत की मांग से परेशान होकर अशोक कनकने ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने मामले का सत्यापन किया। इसके बाद आरोपी को पकड़ने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की तैयारी की गई।
20 हजार रुपये लेते ही लोकायुक्त ने दबोचा
शुक्रवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने कार्रवाई करते हुए जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने आरोपी लिपिक को 20 हजार रुपये दिए, मौके पर मौजूद टीम ने उसे रंगे हाथों पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपी को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में मामले को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल लोकायुक्त टीम प्रकरण से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)