कटनी। सड़क सुरक्षा, स्वच्छता एवं सुचारू आवागमन व्यवस्था में बाधक अतिक्रमण के विरुद्ध नगर निगम के अतिक्रमण अमले ने शुक्रवार शाम नदीपार बस स्टैंड क्षेत्र में सख्त कार्रवाई की गई। निगम की अतिक्रमण टीम ने नदीपार मुख्य मार्ग एवं बस स्टैंड क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए 17 ठेले-टपरे हटाए।शराब दुकान के पास 5 पर कार्यवाही अतिक्रमण प्रभारी मानेंद्र सिंह ने बताया कि नदीपार मुख्य मार्ग पर शराब दुकान के समीप लगाए गए 5 टपरों के कारण सड़क किनारे शराबखोरी एवं असामाजिक गतिविधियों की शिकायतें सामने आ रही थीं। शाम के समय यहां लोगों की भीड़ के कारण विवाद की स्थिति बनने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी। इसके अलावा टपरों से निकलने वाले डिस्पोजल एवं अन्य कचरे को नाली में फेंके जाने से नाला जाम होने और गंदगी फैलने की समस्या थी। निगम अमले ने इन ठेलों को हिदायत देते हुए मार्ग से हटाकर आसपास का क्षेत्र अतिक्रमणमुक्त कराया।
*बस स्टैंड के 12 पर कार्यवाही*
वहीं बस स्टैंड में चलाए गए अभियान के दौरान प्रवेश द्वार एवं परिसर के अन्य स्थलों पर यातायात में बाधक बन रहे 12 ठेला संचालकों को स्थल से हटाया जाकर आवागमन को सुगम बनाया गया। उल्लेखनीय है कि ठेलों के अव्यवस्थित रूप से खड़े होने के कारण बसों एवं यात्रियों के आवागमन में परेशानी हो रही थी और यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही थी।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क, नाली अथवा यातायात क्षेत्र को बाधित कर कारोबार करने और गंदगी फैलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। नागरिकों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन एवं स्वच्छ शहर व्यवस्था के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।

