कटनी। नगर निगम कार्यालय में मंगलवार को आयोजित महापौर जनसुनवाई में शहर के विभिन्न वार्डों से पहुंचे नागरिकों ने अपनी समस्याएं और क्षेत्रीय आवश्यकताएं महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं। जनसुनवाई नागरिकों के लिए अपनी बात सीधे महापौर तक पहुंचाने और समस्याओं के समाधान की दिशा में कार्रवाई जानने का माध्यम बनी।
जनसुनवाई में आवास, जलकर, अतिक्रमण, सड़क, नाली, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों से जुड़े प्रकरण सामने आए। महापौर ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही प्रकरणों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने आवश्यकतानुसार संबंधित अधिकारियों को नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
इस दौरान नागरिकों ने अपने-अपने वार्डों की स्थानीय परिस्थितियों और लंबे समय से महसूस की जा रही आवश्यकताओं से भी महापौर को अवगत कराया। महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नागरिकों से प्राप्त सुझाव और क्षेत्रीय जरूरतों की जानकारी शहर के विकास की प्राथमिकताएं तय करने में महत्वपूर्ण होती है। जनसुनवाई का उद्देश्य केवल शिकायतें प्राप्त करना नहीं, बल्कि नागरिकों के साथ सीधे संवाद स्थापित कर समस्याओं के समाधान की दिशा में प्रभावी कदम उठाना है।
महापौर ने नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के प्रभारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में सामने आए प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर देखा जाए। नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए प्रकरणों की प्रगति से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने अधिकारियों से नागरिकों के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता बरतने पर भी जोर दिया।
जनसुनवाई के दौरान नगर निगम की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
वार्डों की प्राथमिकताओं से लेकर नागरिक सुविधाओं तक, महापौर जनसुनवाई में हुआ सीधा संवाद नागरिकों ने महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी के समक्ष रखीं समस्याएं, अधिकारियों से जानी कार्रवाई की स्थिति

