कटनी। सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा ज्योति कलश यात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा जिले की चारों विधानसभा क्षेत्रों—बड़वारा, मुड़वारा, बहोरीबंद एवं विजयराघवगढ़ से होकर गुजरेगी। इस दौरान नागरिकों को सेवा, सुशासन, जनभागीदारी और विकसित भारत के निर्माण के संकल्प से जोड़ा जाएगा।
कार्यक्रम के पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का नागरिकों ने वर्चुअली श्रवण किया। इसके बाद उपस्थित जनसमुदाय ने देश को विकसित राष्ट्र बनाने में अपनी भूमिका निभाने तथा सेवा और समर्पण की भावना के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित ‘बदलते दौर का मध्यप्रदेश—कटनी जिले की विकास गाथा’ पुस्तिका का वितरण भी किया गया, जिसे नागरिकों ने सराहा।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि, मुड़वारा विधायक संदीप जायसवाल, बहोरीबंद विधायक प्रणय प्रभात पांडेय, बड़वारा विधायक धीरेन्द्र बहादुर सिंह, महापौर प्रीति संजीव सूरी, जिला पंचायत अध्यक्ष सुनीता मेहरा, जिला भाजपा अध्यक्ष दीपक टंडन सोनी, अल्का जैन सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
सेवा और समर्पण का प्रतीक बनी यात्रा
सेवा ज्योति कलश यात्रा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दीर्घ सार्वजनिक जीवन और जनसेवा से देशसेवा के संकल्प को समर्पित है। यात्रा के माध्यम से सेवा, समर्पण, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण की भावना को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। यात्रा के वाहन के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जा रही है।
सांसद ने दिलाई विकसित भारत की शपथ
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने उपस्थित जनसमुदाय को विकसित भारत के निर्माण की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य केवल सरकार का नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता और सामूहिक संकल्प से पूरा होगा। उन्होंने नागरिकों से समाजहित और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
चारों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी यात्रा
सेवा ज्योति कलश यात्रा बड़वारा, मुड़वारा, बहोरीबंद एवं विजयराघवगढ़ विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी। विभिन्न स्थानों पर नागरिकों को अभियान से जोड़ते हुए सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया जाएगा। यात्रा के माध्यम से विकसित भारत के संकल्प को जनभागीदारी का स्वरूप देने और अधिक से अधिक नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा।
सेवा संकल्प अभियान के तहत निकली सेवा ज्योति कलश यात्रा प्रधानमंत्री के 25 वर्षों के जनसेवा से देशसेवा के संकल्प को समर्पित यात्रा, चारों विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेगी

