हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से गूंजा सिटी मॉल, विद्यार्थियों ने देखी ‘हनुमान अंश’ महापौर श्रीमती सूरी की पहल पर निगम स्कूलों के 600 से अधिक विद्यार्थियों को मिला संस्कार, संस्कृति और प्रेरणा से जुड़ा अनूठा अनुभव

कटनी। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत नगर पालिक निगम कटनी के निगम स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए गुरुवार को कटनी सिटी मॉल में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की विशेष स्क्रीनिंग आयोजित की गई। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं जनप्रतिनिधियों द्वारा सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा के पाठ से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों ने दो थियेटरों में फिल्म का आनंद लिया।
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी की पहल पर आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को मनोरंजन के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार, साहस, सेवा भावना और मानवीय मूल्यों से जोड़ना रहा। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ के बाद फिल्म के माध्यम से विद्यार्थियों को भगवान हनुमान के साहस, समर्पण और सकारात्मक सोच से जुड़े प्रेरणादायी संदेशों को समझने का अवसर मिला।
फिल्म शुरू होते ही विद्यार्थियों में दिखा उत्साह
कार्यक्रम में निगम स्कूलों के 600 से अधिक विद्यार्थी अपने शिक्षकों एवं स्कूल स्टाफ के साथ शामिल हुए। फिल्म शुरू होने से पहले ही विद्यार्थियों में खासा उत्साह नजर आया। सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ के बाद जैसे ही फिल्म का प्रदर्शन शुरू हुआ, विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ फिल्म देखी। पूरे कार्यक्रम के दौरान अनुशासन, उत्सुकता और प्रसन्नता का माहौल बना रहा।
जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ देखी फिल्म
विशेष स्क्रीनिंग में एमआईसी सदस्यों सहित जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। जनप्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों के साथ फिल्म देखी और उनका उत्साहवर्धन किया। इस दौरान विद्यार्थियों को यह संदेश भी मिला कि शिक्षा केवल पुस्तकों तक सीमित नहीं है, बल्कि संस्कार, संस्कृति, अच्छे विचार और मानवीय मूल्यों से जुड़कर ही व्यक्तित्व का समग्र विकास होता है।
सेवा संकल्प अभियान से सकारात्मक सोच का संदेश
महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी ने कहा कि सेवा, समर्पण एवं जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी क्रम में निगम स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए यह विशेष आयोजन किया गया। विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, संस्कार, अच्छे विचार और मानवीय मूल्यों से जोड़ना कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य रहा।
उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास के साथ उनमें सकारात्मक सोच, सेवा भावना और समाज के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में सहायक होते हैं।
कटनी नगर में निगम स्कूलों के विद्यार्थियों एवं स्टाफ के लिए पहली बार इस प्रकार की सामूहिक फिल्म स्क्रीनिंग आयोजित की गई। हनुमान चालीसा के सामूहिक पाठ से शुरू हुआ यह आयोजन प्रेरणादायी फिल्म के प्रदर्शन के साथ विद्यार्थियों के लिए यादगार अनुभव बन गया।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)