कटनी। कैमोर स्थित एवरेस्ट कंपनी के एस्बेस्टस वेस्ट के संबंध में कलेक्टर आशीष तिवारी के निर्देश पर गठित संयुक्त टीम ने बुधवार को भटिया मोहल्ला वार्ड क्रमांक-2 (डॉ. जाकिर हुसैन वार्ड) क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया। टीम में राजस्व विभाग, मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड तथा नगर परिषद कैमोर के अधिकारी शामिल रहे।
जनस्वास्थ्य एवं पर्यावरण की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए टीम ने क्षेत्र से मिट्टी और भूजल के नमूने एकत्र किए। मिट्टी के नमूने फुटबॉल ग्राउंड, एवरेस्ट कंपनी के पश्चिम एवं दक्षिण दिशा में लतीफ खान के घर के पास, गुरुदीप सिंह बेदी के घर के पास तथा शासकीय अस्पताल के पीछे से लिए गए। वहीं भूजल की गुणवत्ता की जांच के लिए रमेश निषाद एवं सरवर खान के मकान के पास स्थित हैंडपंपों से पानी के नमूने लिए गए।
सभी नमूनों को वैज्ञानिक एवं प्रयोगशाला जांच के लिए केंद्रीय प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से प्राप्त रिपोर्ट के आधार पर क्षेत्र में एस्बेस्टस वेस्ट के प्रभाव और वास्तविक स्थिति का परीक्षण किया जाएगा।
जांच के बाद पंचनामा तैयार करने की प्रक्रिया मध्यप्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी सुधांशु तिवारी, वैज्ञानिक श्री राजेन्द्र शुक्ला, नायब तहसीलदार कैमोर राजेन्द्र श्रीवास्तव तथा नगर परिषद कैमोर के सेनेटरी इंस्पेक्टर पी.आर. सिंह की मौजूदगी में पूरी की गई।
इस दौरान स्थानीय नागरिक अवध किशोर विश्वकर्मा, लतीफ खान, साहिल खान, महबूब सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे। संयुक्त टीम द्वारा पर्यावरण एवं जनस्वास्थ्य से जुड़े मामले की जांच तथ्यों और वैज्ञानिक परीक्षण के आधार पर की जा रही है।
एस्बेस्टस वेस्ट की जांच के लिए संयुक्त टीम ने किया स्थल निरीक्षण कलेक्टर के निर्देश पर भटिया मोहल्ला क्षेत्र से मिट्टी और भूजल के नमूने लिए, भोपाल की केंद्रीय प्रयोगशाला में होगी जांच

