कटनी। आगामी नवरात्रि पर्व को देखते हुए नगर निगम अध्यक्ष मनीष पाठक ने गुरुवार को लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक मार्ग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सीवर कार्य के रेस्टोरेशन तथा अमृत-2 योजना के अंतर्गत बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों को नवरात्रि से पहले सड़क को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष ने पीडीएमसी के विशाल सैनी, हार्दिक पटेल सहित संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों से कार्यों की वर्तमान स्थिति और निर्धारित समय-सीमा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देशित किया कि सीवर कार्य के कारण क्षतिग्रस्त सड़क के रेस्टोरेशन का कार्य प्राथमिकता से पूरा किया जाए, ताकि नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।
निगमाध्यक्ष ने कहा कि नवरात्रि महत्वपूर्ण धार्मिक पर्व है। इस दौरान प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं और नागरिकों की आवाजाही बढ़ जाती है। ऐसे में निर्माण एवं पाइपलाइन संबंधी कार्य समय पर पूरे कर सड़कों को सुगम और व्यवस्थित रखना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने तथा अनावश्यक विलंब से बचने के निर्देश दिए।
उन्होंने अमृत-2 योजना के तहत बिछाई जा रही पेयजल पाइपलाइन के कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि नवरात्रि से पहले जहां तक संभव हो, कार्य पूरा कर सड़क को आवागमन योग्य बनाया जाए। विकास कार्यों के साथ नागरिकों की सुविधाओं का ध्यान रखना भी जरूरी है।
निरीक्षण के दौरान निगमाध्यक्ष ने स्थानीय नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शहर के विकास के साथ नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। पर्व-त्योहारों के दौरान बेहतर आवागमन और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निगम लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कार्यस्थल पर सुरक्षा, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्माण कार्यों के दौरान आम नागरिकों को असुविधा न हो।
ये रहे उपस्थित: निरीक्षण के दौरान पीडीएमसी के विशाल सैनी, हार्दिक पटेल, पार्थ पटेल, भरत नरेंद्र शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, क्षेत्रीय नागरिकों में संजय गुप्ता, कमल नारायण सिंह, विक्की गुप्ता, चिंटू गुप्ता, मुन्ना भाईजान, सादिक भाईजान, अशोक दीक्षित, मनीष चौरसिया, गोल्डी एवं शंकर निषाद उपस्थित रहे।
नवरात्रि से पहले सड़क एवं पेयजल कार्य पूर्ण करने के निर्देश निगमाध्यक्ष मनीष पाठक ने लक्ष्मी पान भंडार से जय हिंद चौक तक किया निरीक्षण

