कटनी। नवरात्रि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए कटनी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में शहर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों, रामलीला स्थलों और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। इसके तहत पुलिस द्वारा लगातार पैदल भ्रमण और मोबाइल पेट्रोलिंग कर निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में सोमवार को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमल मौर्य के नेतृत्व में डीएसपी रत्नेश मिश्रा, यातायात थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप सिंह सहित पुलिस टीम ने शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पैदल भ्रमण किया। पुलिस टीम ने मिशन चौक से भ्रमण शुरू कर खेरमाई मंदिर, गरबा आयोजन स्थल, रामलीला स्थल और मां जालपा मढ़िया सहित विभिन्न प्रमुख स्थानों का जायजा लिया।
इस दौरान धार्मिक स्थलों, प्रतिमा पंडालों, गरबा महोत्सव स्थलों और बाजार परिसरों में सुरक्षा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों एवं दुकानदारों से संवाद कर सुरक्षा संबंधी आवश्यक जानकारी साझा की। साथ ही विभिन्न स्थानों और दुकानों की जांच कर संदिग्ध एवं आपत्तिजनक वस्तुओं पर नजर रखी गई।
नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रमुख धार्मिक स्थलों, प्रतिमा पंडालों और सार्वजनिक स्थानों पर फिक्स पॉइंट बनाकर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, मोबाइल पेट्रोलिंग के माध्यम से संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को दें
कटनी पुलिस ने नागरिकों से नवरात्रि पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
नवरात्रि पर्व को लेकर कटनी पुलिस अलर्ट, शहर में पैदल भ्रमण और मोबाइल पेट्रोलिंग एएसपी कमल मौर्य के नेतृत्व में धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों और प्रमुख बाजारों का निरीक्षण, संदिग्ध गतिविधियों पर पुलिस की नजर

