कटनी। नवरात्रि के पावन पर्व पर नगर निगम द्वारा जालपा देवी एवं वीर सावरकर वार्ड में 73 लाख रुपये से अधिक की लागत से होने वाले विकास कार्यों का भूमिपूजन कराया गया। मंगलवार को महापौर श्रीमती प्रीति संजीव सूरी, क्षेत्रीय पार्षद डॉ. रमेश सोनी एवं पार्षद राजेश भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कन्याओं के करकमलों से भूमिपूजन संपन्न हुआ। इन कार्यों में सड़क डामरीकरण, सीसी नाली निर्माण और नाली कवरिंग सहित अन्य कार्य शामिल हैं।
महापौर श्रीमती सूरी ने कहा कि नवरात्रि आस्था, शक्ति और जनकल्याण का पर्व है। इस पावन अवसर पर कन्याओं के हाथों विकास कार्यों का भूमिपूजन होना हर्ष का विषय है। नगर निगम का प्रयास है कि प्रत्येक वार्ड में बेहतर सड़कें, सुगम आवागमन और आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि विकास, सेवा और जनसहभागिता के माध्यम से विकसित कटनी का संकल्प साकार किया जाएगा।
जालपा देवी वार्ड में 16.70 लाख के कार्य
जालपा देवी वार्ड में लगभग 16 लाख 70 हजार रुपये की लागत से विभिन्न स्थानों पर सड़क डामरीकरण एवं नाली कवरिंग के कार्य कराए जाएंगे। क्षेत्रीय पार्षद एवं एमआईसी सदस्य डॉ. रमेश सोनी ने कहा कि सड़क सुधार के कार्यों से नागरिकों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। वार्ड की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्य कराना प्राथमिकता है।
वीर सावरकर वार्ड में 56.32 लाख होंगे खर्च
वीर सावरकर वार्ड में लगभग 56 लाख 32 हजार रुपये की लागत से तीन प्रमुख विकास कार्य कराए जाएंगे। इनमें पुराने शंभू टॉकीज के बाजू में क्षतिग्रस्त मार्ग पर 15 लाख 59 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण, श्रीराम मंदिर मार्ग पर 22 लाख 39 हजार रुपये की लागत से सीसी नाली निर्माण तथा संतनगर में बजाज हॉस्पिटल के आसपास और गोकुलधाम कॉलोनी की सीसी रोड पर 18 लाख 34 हजार रुपये की लागत से डामरीकरण कार्य शामिल हैं।
क्षेत्रीय पार्षद राजेश भास्कर ने कहा कि सड़क सुधार और नाली निर्माण से नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इन कार्यों से आवागमन सुगम होने के साथ जल निकासी व्यवस्था भी मजबूत होगी। उन्होंने विकास कार्यों के लिए महापौर एवं नगर निगम प्रशासन के प्रति आभार जताया।
भूमिपूजन कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य सुभाष साहू, जयनारायण निषाद, बीना बैनर्जी, सुरेंद्र गुप्ता, उमेंद्र अहिरवार, पार्षद शकुंतला सोनी, पूर्व पार्षद कमलेश चौधरी, समाजसेवी डॉ. हरीश बजाज, संजू गर्ग, अनीता भास्कर, कुमारी आरोही सहित बड़ी संख्या में महिलाएं एवं क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।
महापौर ने कहा कि शहर के सभी वार्डों में सड़क, नाली और अन्य मूलभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों से विकास कार्यों में सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही शहर का समग्र विकास संभव है।
जालपा देवी और वीर सावरकर वार्ड को मिली 73 लाख रुपये से अधिक के विकास कार्यों की सौगात महापौर प्रीति सूरी की मौजूदगी में कन्याओं ने किया भूमिपूजन, सड़क डामरीकरण और नाली निर्माण से नागरिकों को मिलेगी सुविधा

