ट्रांसपोर्ट नगर तत्काल शुरू हो, शहर से शिफ्ट किया जाए ट्रांसपोर्ट व्यवसाय वरिष्ठ पार्षद मिथलेश जैन ने निगम आयुक्त को पत्र लिखकर उठाई मांग, यातायात जाम और दुर्घटनाओं से मिलेगी राहत

कटनी। शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से नगर निगम के वरिष्ठ पार्षद एवं अधिवक्ता मिथलेश जैन ने ट्रांसपोर्ट नगर को तत्काल शुरू करने की मांग की है। इस संबंध में उन्होंने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर शहर में संचालित ट्रांसपोर्ट व्यवसाय को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित कराने की मांग की है।
पार्षद मिथलेश जैन ने पत्र में उल्लेख किया है कि ट्रांसपोर्ट नगर की योजना लगभग 40 वर्ष पूर्व तैयार की गई थी। इसके तहत वहां विकास कार्य कराए गए और ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भूखंड भी आवंटित किए जा चुके हैं। इसके अलावा अन्य भूखंडों की नीलामी के लिए भी कई बार कार्रवाई की जा चुकी है। उन्होंने शेष ट्रांसपोर्ट एवं परचून ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को भी नियमानुसार भूखंड आवंटित करने की प्रक्रिया पूरी करने की मांग की है।
उन्होंने कहा कि वर्तमान में शहर के भीतर ट्रांसपोर्ट व्यवसाय संचालित होने से यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है। भारी वाहनों की आवाजाही के कारण जाम की स्थिति बनती है और दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ट्रांसपोर्ट से संबंधित सभी गतिविधियों को ट्रांसपोर्ट नगर में स्थानांतरित करना आवश्यक है।
मिथलेश जैन ने निगम प्रशासन से मांग की है कि ट्रांसपोर्ट नगर को तत्काल प्रारंभ करने के साथ सभी ट्रांसपोर्ट व्यवसायियों को वहां अपना व्यवसाय संचालित करने के निर्देश दिए जाएं, ताकि शहर को यातायात संबंधी समस्याओं से राहत मिल सके।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)