कटनी। नवरात्रि और दशहरा पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए नगर निगम प्रशासन अलर्ट है। नगर निगम आयुक्त सुश्री तपस्या परिहार के निर्देश पर सोमवार शाम अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने मुख्य जुलूस मार्ग सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर मॉकड्रिल के साथ निरीक्षण किया।
शाम 6 बजे शुरू हुए निरीक्षण के दौरान टीम ने खोबा मंडी, कारगिल चौक, गर्ग चौराहा, शहीद द्वार, नई बस्ती, आदर्श कॉलोनी, चांडक चौक, रविदास चौराहा, केलवारा फाटक, गाटर घाट, आजाद चौक, शेर चौक, झंडा बाजार, सराफा मार्केट और कमानिया गेट सहित पूरे जुलूस मार्ग का जायजा लिया।
निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य नवरात्रि और दशहरा के दौरान स्थापित टेंट-पंडालों के बीच आपातकालीन परिस्थितियों में फायर ब्रिगेड वाहनों की निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करना था। टीम ने मार्गों की स्थिति का निरीक्षण करते हुए अग्नि सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सभी पंडाल व्यवस्थित पाए गए।
अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील
संयुक्त टीम का नेतृत्व सहायक फायर प्रभारी शैलेन्द्र कुमार दुबे ने किया। नगर निगम प्रशासन ने शहर की सभी दुर्गा समितियों के पदाधिकारियों से अपील की है कि वे अग्नि सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करें। साथ ही, पंडाल स्थापित करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि मुख्य मार्गों और आवागमन के रास्तों में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान किसी भी आकस्मिक स्थिति से निपटने के लिए रास्तों का खुला रहना आवश्यक है, ताकि जरूरत पड़ने पर अग्निशमन वाहन तत्काल घटनास्थल तक पहुंच सकें।
त्योहारों पर सुरक्षा को लेकर निगम प्रशासन अलर्ट, जुलूस मार्ग का किया निरीक्षण अग्निशमन एवं अतिक्रमण विभाग की संयुक्त टीम ने किया मॉकड्रिल, आपात स्थिति में फायर ब्रिगेड की निर्बाध आवाजाही पर जोर

