नवरात्रि में सुरक्षा को लेकर अलर्ट कटनी पुलिस, गरबा पंडालों में तैनात शक्ति टीम महिला पुलिसकर्मी पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सादे कपड़ों में रख रहीं नजर, पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग से बढ़ाई सुरक्षा

कटनी। शारदीय नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए कटनी पुलिस अलर्ट मोड पर है। पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा के निर्देशन में जिलेभर के प्रमुख धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों, दुर्गा प्रतिमा स्थलों और बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा के लिए विशेष शक्ति टीम तैनात की गई है।
गरबा वेशभूषा में तैनात महिला पुलिसकर्मी
गरबा एवं अन्य धार्मिक-सांस्कृतिक आयोजनों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए महिला पुलिसकर्मियों को पारंपरिक गरबा वेशभूषा में सादे कपड़ों में पंडालों में तैनात किया गया है। ये पुलिसकर्मी आम प्रतिभागियों के बीच रहकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रख रही हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग से निगरानी
जिले के प्रमुख धार्मिक स्थलों, गरबा पंडालों, बाजारों, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में पैदल गश्त और मोबाइल पेट्रोलिंग कर रहे हैं। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की जांच के साथ सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया जा रहा है।
नागरिकों से शांति बनाए रखने की अपील
पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से संवाद कर सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी दी तथा उन्हें सुरक्षित वातावरण का भरोसा दिलाया। साथ ही आमजन से नवरात्रि एवं दुर्गा पूजा का पर्व आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की गई।
कटनी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी, गश्त और चेकिंग जारी रहेगी, ताकि श्रद्धालु निर्भय होकर धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों में शामिल हो सकें।

Please follow and like us:
Pin Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Enjoy this blog? Please spread the word :)